- शिकागो के पास मंदिर पर हमले की साजिश में 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है.
- आरोपी ने हमले की पूरी तैयारी कर रखी थी लेकिन उसकी राइफल जाम हो जाने से बड़ा हमला टल गया था.
- सद्गुरु ने इस घटना पर चिंता जताते हुए युवाओं में नफरत बढ़ने को अगली पीढ़ी की परवरिश की विफलता बताया है.
अमेरिका के शिकागो में स्थित एक हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश में 19 साल के युवक एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है. पैपोराकिस हमले की पूरी तैयारी कर चुका था, लेकिन ऐन मौके पर उनकी राइफल जाम हो गई, जिस कारण एक बड़ा हमला टल गया. यदि वो अपने मंसूबे में सफल हो जाता तो कई लोगों की जान चली जाती. गिरफ्तारी के बाद पैपोराकिस के बारे में यह जानकारी सामने आई है कि वह काफी नफरती हो चुका था. 19 साल के एक युवक में नफरत की इतनी आग होना बड़ी खतरनाक बात है.
'युवाओं का नफरती होना अगली पीढ़ी की परवरिश में हमारी विफलता'
अमेरिकी मंदिर में हमले की इस साजिश पर ईशा फाउंडेशन वाले सद्गुरु ने गहरी चिंता जताई है. सद्गगुरु ने माना कि युवाओं का इतना नफरती हो जाना, हमारी नाकामी है. शिकागो वाली घटना का जिक्र करते हुए सद्गगुरु ने लिखा- जब किसी युवा का जीवन नफरत से इतना भर जाए कि वह उन लोगों को मारने की योजना बनाने लगे, जिन्हें वह खुद से अलग मानता है, तो यह अगली पीढ़ी की परवरिश में हमारी विफलता को दर्शाता है.

अमेरिकी मंदिर में हमले की साजिश पर सद्गगुरु का पोस्ट.
Photo Credit: सोशल मीडिया
सबको साथ लेकर चलने की भावना को बढ़ाना देंः सद्गगुरु
सद्गगुरु ने आगे लिखा कि यह बहुत जरूरी है कि हम सबको साथ लेकर चलने की भावना को बढ़ावा दें और मानवीय चेतना को ऊपर उठाने की दिशा में काम करें. ऑरोरा हमले को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाने वालों के प्रति हम गहरा आभार व्यक्त करते हैं.
भारत सरकार ने भी जताई है चिंता
भारत ने भी अमेरिका में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर सामूहिक गोलीबारी करने की कथित साजिश को ‘‘चिंता का विषय” बताते हुए शुक्रवार को अमेरिका से वहां भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया. विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेसवार्ता के दौरान एक सवाल के जवाब में यह बात कही.
रविवार को ऑरोरा के वेंकटेश्वर मंदिर में हमले की थी साजिश
मालूम हो कि रविवार को शिकागो के निकट पैलेटाइन में 19 वर्षीय युवक को इलिनॉय के ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर में सामूहिक गोलीबारी की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. उसे 14 अक्टूबर को अदालत में पेश किया गया, जहां उस पर आतंकवादी धमकी देने और अवैध रूप से हथियार रखने के एक-एक आरोप लगाये गये. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इलिनॉय की इस घटना को “गहरी चिंता का विषय” बताया.
यह भी पढ़ें - अमेरिकी हिंदू मंदिर में कत्लेआम की साजिश भारत विरोधी नफरत का नतीजा, सांसद बोले- ट्रंप प्रशासन आग में घी डाल रहा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं