हर कोई चाहता है कि आस-पास के लोग उसकी बात सुनें, उसे तवज्जो दें और दिल से सम्मान करें, पर असल में ऐसा होता नहीं क्योंकि इज्जत मांगने से नहीं, अपने बर्ताव से मिलती है. कुछ लोग कम समय में ही दूसरों के दिल में उतर जाते हैं, जबकि कुछ कोशिश करके भी दूर रह जाते हैं. महात्मा विदुर की नीतियों में इंसान के व्यवहार को लेकर ऐसी कई काम की बातें बताई गई हैं, जिन्हें अपनाकर आप खुद में बड़ा बदलाव देख सकते हैं.
बोलने का सलीका बदलें:
आप क्या कहते हैं, उससे ज्यादा जरूरी यह है कि आप कैसे कहते हैं. कड़वी बात या गुस्से में निकला एक जुमला सालों पुराने रिश्ते को पल भर में खराब कर सकता है. बातचीत करते वक्त शब्दों को जरा तौलकर बोलें. अपनी राय जरूर रखें, बस किसी का दिल दुखाने से बचें. नरमी और शालीनता से कही गई बात बड़े से बड़े तनाव को हल्का कर देती है.
हर किसी को दें बराबर का मान:
कई बार हम सामने वाले का रुतबा, जेब या उम्र देखकर अपना रवैया बदल लेते हैं। विदुर नीति इस सोच के खिलाफ है. हर इंसान की अपनी गरिमा होती है, चाहे वह छोटा हो या बड़ा. किसी की बात को बीच में काटने के बजाय ध्यान से सुनना भी एक बड़ा सम्मान है. छोटे-छोटे अच्छे बर्ताव लोगों को लंबे वक्त तक याद रहते हैं.
ढिंढोरा न पीटें:
भरोसा किसी भी रिश्ते की सबसे मजबूत कड़ी है. अगर किसी ने अपना कोई राज या परेशानी आप पर विश्वास करके बताई है, तो उसे चौराहे पर न उछालें. दूसरों की निजी बातों को अपने तक सीमित रखें. अपनी हर अगली चाल या योजना का ढिंढोरा पीटना भी ठीक नहीं है, जो इंसान राज रखता है, लोग आंख मूंदकर उस पर भरोसा करते हैं.
गुस्से में जुबान पर लगाम रखें:
हर बात पर तुरंत रिएक्शन देना जरूरी नहीं होता। कई मौकों पर खामोशी सबसे समझदार जवाब होती है. जब मन अशांत हो या गुस्सा चढ़ा हो, तब बोलने से बचें. गुस्से में कही गई बातें बाद में अक्सर पछतावे की वजह बनती हैं.
इसे भी पढ़ें: बुध का राशि परिवर्तन इन 4 राशियों पर रहेगा मेहरबान, करियर में मिलेगी तरक्की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं