हिंदू धर्म में भगवान की पूजा-पाठ से जुड़े कई नियम बताए गए हैं. खासकर जिन घरों में लड्डू गोपाल विराजमान होते हैं, वहां उनकी सेवा एक छोटे बच्चे की तरह की जाती है. कई भक्त अपने घर में लड्डू गोपाल को परिवार के सदस्य की तरह रखते हैं. भक्त सुबह उठकर सबसे पहले उन्हें जगाते हैं, स्नान कराते हैं, नए कपड़े पहनाते हैं और फिर भोग लगाते हैं. लेकिन क्या सुबह बिना नहाए लड्डू गोपाल को जगाना सही है? क्या बिना स्नान किए भगवान के मंदिर में जाना चाहिए? इस विषय पर प्रसिद्ध आध्यात्मिक वक्ता, कथावाचक और धार्मिक गुरु डॉक्टर शिवम साधक ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं अपने इस वीडियो में कथावाचक क्या कहते हैं-
बिना नहाए लड्डू गोपाल को जगाना चाहिए या नहीं?
कथावाचक बताते हैं, आजकल कई घरों में लोग सुबह उठते ही सबसे पहले अपने ठाकुर जी यानी लड्डू गोपाल को जगाने जाते हैं. इस दौरान कई महिलाएं और पुरुष बिना स्नान किए ही मंदिर में प्रवेश कर लेते हैं और भगवान को उठाकर आसन पर बैठा देते हैं. लेकिन शास्त्रीय मान्यताओं में स्नान के बिना मंदिर में प्रवेश करना उचित नहीं माना गया है.
डॉक्टर शिवम साधक बताते हैं, भगवान की पूजा और सेवा करते समय शरीर की साफ-सफाई और शुद्धता का ध्यान रखना जरूरी है. इसलिए सुबह सबसे पहले स्नान करना चाहिए और उसके बाद ही लड्डू गोपाल को स्पर्श करके उनकी सेवा करनी चाहिए.
अगर सुबह नहाना संभव न हो तो क्या करें?कथावाचक आगे कहते हैं, कई बार किसी काम या परेशानी की वजह से सुबह समय पर नहाना संभव नहीं हो पाता है. ऐसे में भक्तों को यह चिंता रहती है कि वे लड्डू गोपाल को कैसे जगाएं और उनकी सेवा कैसे करें. अगर आप किसी वजह से स्नान नहीं कर पाए हैं, तो मंदिर में प्रवेश करने और लड्डू गोपाल को हाथ लगाने से बचना चाहिए. ऐसी स्थिति में आप दूर से ही हाथ जोड़कर भगवान को प्रणाम कर सकते हैं. भगवान के सामने अपनी श्रद्धा व्यक्त कर सकते हैं, लेकिन बिना स्नान किए उन्हें स्पर्श नहीं करना चाहिए. स्नान करने के बाद ही उनकी सेवा करनी चाहिए.
इसके अलावा लड्डू गोपाल की सेवा करते समय साफ कपड़े पहनें, पूजा की जगह को साफ रखें और भोग लगाने के लिए स्वच्छ बर्तनों का इस्तेमाल करें. भगवान की सेवा में जल्दबाजी न करें, साथ ही सेवा करते समय मन में सच्ची श्रद्धा और अच्छी भावनाएं रखें.
यहां देखें वीडियो-
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- बुध का राशि परिवर्तन इन 4 राशियों पर रहेगा मेहरबान, करियर में मिलेगी तरक्की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं