Ganpati Sthapana Muhurat 2026: आज देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. आज से गणेश उत्सव की शुरुआत हो जाती है. इस दौरान गणपति जी की स्थापना की जाती है और उनकी पूजा-अर्चना की जाती है. धार्मिक शास्त्रों के अनुसार गणेश जी की पूजा करने से कष्टों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है. इसी कड़ी में आज हम आपको गणेश स्थापना का सबसे शुभ मुहूर्त बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी दिल्ली में स्थिति कालका जी मंदिर के पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत ने IANS से बातचीत करते हुए दी है.
भाद्रपद माह के शुक्ल चतुर्थी से शुरू होता है पर्व
संत सुरेंद्र नाथ अवधूत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, 'गणेश उत्सव भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को शुरू होता है. इस दिन बड़े और भव्य पंडाल लगाए जाते हैं, खासकर महाराष्ट्र में और अब दिल्ली में भी, जहां भगवान गणेश की बड़ी और सुंदर मूर्तियां स्थापित की जाती हैं. यह त्योहार अनंत चतुर्दशी तक चलता है. कुछ लोग मूर्ति को 10 दिनों के लिए, कुछ 5 दिनों के लिए और कुछ 7 दिनों के लिए स्थापित करते हैं. लोग भगवान गणेश की मिट्टी की मूर्तियां अपने घरों में भी लाते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं.'
25 सितंबर तक चलेगा गणेश उत्सव
उन्होंने बताया कि इस बार गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जा रही है. इसी दिन से गणेश उत्सव का शुभारंभ होगा, जो 25 सितंबर तक चलेगा. 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान देशभर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहता है.
क्या है गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त?
गणेश स्थापना के शुभ मुहूर्त को लेकर महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत ने कहा, 'इस बार गणेश स्थापना का विशेष मुहूर्त सुबह 11 बजकर 2 मिनट से लेकर 1 बजकर 31 मिनट तक रहेगा.' सभी भक्त लगभग इस ढाई घंटे के मुहूर्त में गणेश जी की स्थापना कर पूजा-अर्चना कर सकते हैं.
गणेश चतुर्थी का महत्व
महंत ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता कहा जाता है. उनकी पूजा-अर्चना करने से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं. उन्होंने कहा, 'गणेश जी की पूजा-अर्चना करने से संसार के क्लेश दूर होते हैं, सब विघ्न बाधाएं दूर होती हैं और घर में सुख-संपत्ति और समृद्धि का वास होता है.'
उन्होंने बताया कि पहले गणेश उत्सव मुख्य रूप से महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर मनाया जाता था, लेकिन अब दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भी इसका उत्साह देखने को मिलता है. जगह-जगह बड़े-बड़े पंडाल लगाए जाते हैं, जहां भगवान गणेश की आकर्षक मूर्तियां स्थापित की जाती हैं. लोग अपने घरों में भी मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमा लाकर पूरे विधि-विधान से पूजा करते हैं.
यह भी पढ़ें: सबसे बड़े मुस्लिम देश में गणपति, 700 साल से कर रहे हैं रक्षा, स्थानीय लोग बोले- जब तक वो हैं, तब तक हम हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं