विज्ञापन
This Article is From Oct 15, 2018

मध्‍य प्रदेश के चुनावी दौरे पर कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी, किए मां पीतांबरा देवी के दर्शन

पूजा पाठ के बाद राहुल गांधी ने दतिया में सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमने किसानों का 70 हज़ार करोड़ का क़र्ज़ माफ़ किया तो प्रधानमंत्री ने 15 उद्योगपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ माफ़ किये.

मध्‍य प्रदेश के चुनावी दौरे पर कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी, किए मां पीतांबरा देवी के दर्शन
मध्‍य प्रदेश के दतिया में पीतांबरा देवी मंदिर में दर्शन करते राहुल गांधी
दतिया: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के दतिया में 51 शक्ति पीठों में से एक मां पीतांबरा देवी के मंदिर में दर्शन किये. उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी और पार्टी महासचिव दीपक बाबरिया भी मौजूद थे. ये मंदिर बगलामुखी देवी का है और इसे पीताम्बरा पीठ भी कहा जाता है. ये मंदिर देश के सबसे शुभ मंदिरों में से एक है और तांत्रिक प्रथाओं के लिए जाना जाता है. यहां होने वाले पूजा संस्कार और अनुष्ठान लोगों की सफलता और उपलब्धि के लिए होते हैं.

गांधी परिवार का मां पीताम्बरा देवी के मंदिर से पुराना और गहरा नाता है. कांग्रेस प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने बताया कि राहुल गांधी से पहले उनकी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी यहां आकर दर्शन कर चुके हैं. जबकि उनके नाना पंडित जवाहर लाल नेहरू के लिए यहां पूजा- अर्चना की जा चुकी है.

मंदिर के पुजारियों के मुताबिक 1962 में चीन के साथ युद्ध के दौरान मां पीताम्बरा देवी पीठ के स्वामी महाराज ने यज्ञ करवाया था. इसके बाद बाद 1964 में जब पंडित जवाहर लाल नेहरू की तबियत बिगड़ी थी तो कांग्रेस नेता कमलापति त्रिपाठी पीताम्बरा देवी मंदिर आकर उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजा अर्चना कराई थी.

पूजा पाठ के बाद राहुल गांधी ने दतिया में सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमने किसानों का 70 हज़ार करोड़ का क़र्ज़ माफ़ किया तो प्रधानमंत्री ने 15 उद्योगपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ माफ़ किये. 70 साल पहले पूरा देश गरीब था, सड़कें, रेल लाईन, हवाई जहाज, यूनिवर्सिटी, कॉलेज ये सब नहीं था, सिर्फ हिंदुस्तान की जनता थी. फिर भी लालकिले के प्राचीर से प्रधानमंत्री बोलते हैं कि देश में 70 सालों से कोई काम नहीं हुआ. यह देश की जनता की तौहीन है.

VIDEO: मध्य प्रदेश का चुनावी महाभारत, राहुल का पीएम मोदी पर हमला

राहुल ने 17 सितंबर को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के अभियान के औपचारिक शुरूआत मंत्रोच्चार और कन्या पूजन के साथ किया था. बाद में उन्होंने चित्रकूट दौरे में कामतानाथ की पूजा और जबलपुर की यात्रा के दौरान नर्मदा की आरती भी की.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh Assembly Elections 2018, Assembly Elections 2018, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com