विज्ञापन

जापान के बच्चे भी सीखेंगे सुपर-30 के आनंद कुमार वाली गणित, मिला स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड

Super 30 Anand Kumar Japan: सुपर 30 वाले आनंद कुमार को दुनियाभर में सम्मान मिल रहा है. उन्हें जापान में स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. जापान के छात्र भी जल्द उनके तरीके से पढ़ेंगे.

जापान के बच्चे भी सीखेंगे सुपर-30 के आनंद कुमार वाली गणित, मिला स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड
आनंद कुमार को जापान में मिला प्रतिष्ठित अवॉर्ड

जाने-माने टीचर और सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार को एक बार फिर बड़ा वैश्विक सम्मान मिला है. आनंद कुमार को जापान में प्रतिष्ठित 'स्पेशल अचीवमेंट अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है. ये सम्मान उन्हें जापान के प्रमुख कारोबारी समूह CGC ग्रुप के चेयरमैन और सीईओ अत्सुहिरो होरिउची ने दिया. आनंद कुमार को ये अवॉर्ड शिक्षा के क्षेत्र में उनके बेहतरीन काम और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने के नए मौके देने के लिए दिया गया है. उन्होंने अब तक कई ऐसे बच्चों की जिंदगी संवारी है, जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर थे और आज बड़े पदों पर काम कर रहे हैं.  

आनंद कुमार के काम को मिला सम्मान

CGC ग्रुप जापान के सबसे बड़े बिजनेस ग्रुप्स में से एक है, जिससे 202 कंपनियां और 5,083 स्टोर्स जुड़े हुए हैं. इसका सालाना कारोबार 5.72 ट्रिलियन जापानी येन से भी ज्यादा है. सम्मान के साथ दिए गए प्रशस्ति पत्र में 'सुपर 30' के जरिए गरीब और जरूरतमंद युवाओं को मुफ्त और बेहतरीन शिक्षा देने के लिए आनंद कुमार की तारीफ की गई है. इसमें कहा गया है कि उनके इस कदम ने बच्चों की जिंदगी में नई संभावनाओं के दरवाजे खोले हैं. साथ ही ये भी माना गया कि शिक्षा और समाज के प्रति उनके समर्पण की सराहना भारत से बाहर भी हो रही है और इससे दुनिया भर के लोगों को प्रेरणा मिल रही है.

इसमें आनंद कुमार की नई शैक्षणिक पहल 'सुपर इन्फिनिटी' का भी खास तौर पर जिक्र किया गया है. इसे देश की सीमाओं और आर्थिक बाधाओं से ऊपर उठकर दुनिया भर के बच्चों तक गणित की खुशी और सीखने के मौके पहुंचाने की एक कोशिश बताया गया है. इसे शिक्षा के भविष्य के लिए उम्मीद की एक नई किरण के रूप में देखा जा रहा है. 

आनंद कुमार ने साल 2002 में पटना में 'सुपर 30' की शुरुआत की थी, जहां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होनहार बच्चों को IIT की मुफ्त कोचिंग दी जाती है. अब वो 'सुपर इन्फिनिटी' के जरिए अपनी इसी सोच को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसका मकसद हर जगह बच्चों के लिए गणित को आसान, दिलचस्प और मजेदार बनाना है.

जापान में भी सुपर इन्फिनिटी

मुलाकात के दौरान होरिउची ने जापानी भाषा में चल रही 'सुपर इन्फिनिटी' की पहल में भी खास दिलचस्पी दिखाई. उन्होंने कहा कि जापान के बच्चे भी क्लासरूम के पुराने तरीकों से हटकर, ज्यादा दिलचस्प और मजेदार तरीके से गणित सीखना पसंद करेंगे. 

ये अवॉर्ड मिलने के बाद आनंद कुमार ने कहा, "ये  सम्मान सिर्फ मेरा नहीं है. ये दुनिया भर के उन सभी बच्चों का है, जो मुश्किल हालात के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं. सुपर 30 से लेकर सुपर इन्फिनिटी तक मेरा मकसद हमेशा एक ही रहा है कि सिर्फ पैसे की कमी की वजह से कोई भी बच्चा अच्छी शिक्षा से वंचित न रहे."

यह भी पढ़ें | कितनी पढ़ी लिखीं हैं हरजोत कौर, बनीं हैं BPSC अध्यक्ष, सैनिटरी पैड को लेकर दिया था विवादित बयान

यह भी पढ़ें | "आनंद सर, सिर्फ आप ही पढ़ाई को इतना मजेदार बना सकते हैं..."Hrithik Roshan ने की 'Super Infinity' की तारीफ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Super 30 Anand Kumar, Anand Kumar Japan Award, Anand Kumar Special Achievement Award, Anand Kumar Super 30
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com