नेपाल में कुछ दिन पहले आई बाढ़ ने तबाही मचा दी, हजारों लोग अब भी लापता हैं और करीब 1 हजार लोगों की मौत हो चुकी है. लापता होने वालों में भारत समेत दूसरे देशों के लोग भी शामिल हैं. इसी बीच एक 24 साल की लड़की ने हिम्मत और साहस की अनूठी मिसाल पेश की है. यूपी के ललितपुर की रहने वाली इस लड़की के माता-पिता नेपाल में आई तबाही के बाद से ही लापता हैं, इस दर्द के बीच इस छात्रा ने नीट पीजी परीक्षा दी और अब सोशल मीडिया पर बताया है कि ये उनके लिए कितना मुश्किल रहा.
पिछले कई दिनों से लापता हैं पेरेंट्स
नीट पीजी की परीक्षा में शामिल हुई ये 24 साल की तन्वी के माता-पिता का नेपाल में आई बाढ के बाद से कुछ भी पता नहीं चल पाया है. इसी बीच तन्वी को 30 अगस्त को नीट पीजी एग्जाम में बैठना पड़ा और ये कुछ घंटे उनके लिए काफी ज्यादा मुश्किल थे. तन्वी ने बताया है कि ये उनके पिता का सपना था, इसलिए उन्होंने परीक्षा नहीं छोड़ी और किसी तरह एग्जाम दिया.
बताया कैसे दिया एग्जाम
तन्वी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि परीक्षा में बैठना उनके लिए काफी ज्यादा मुश्किल था. उन्होंने बताया, परीक्षा के तीन घंटे के पहले डेढ़ घंटे मैं सिर्फ रोती रही. मैं क्वेश्चन पेपर में मौजूद सवालों को ठीक से पढ़ भी नहीं पा रही थी. जब मैंने नीट पीजी परीक्षा के लिए दी गई स्क्रीन को देखा तो इसमें दो फोटो दिख रही थीं. इनमें से मेरी एक फोटो मेरे पिता ने ली थी, जिससे परीक्षा देना और ज्यादा मुश्किल हो गया. मैं उन्हें याद कर रही थी और रो रही थी, लेकिन मुझे उनके लिए ये एग्जाम देना था.
तन्वी ने रोते हुए बताया कि जब भी वो एग्जाम देने जाती थीं, तो उनकी मां हमेशा दही शक्कर खिलाती थी और उनके पिता उन्हें बेस्ट ऑफ लक कहते थे...लेकिन उस सुबह ऐसा नहीं हुआ था. तन्वी ने कहा, मेरे माता-पिता को हर हाल में लौटना होगा, मुझे अपनी मां के हाथों से फिर दही-चीनी खानी है.
नेपाल में बाढ़ ने मचाई तबाही
नेपाल में बाढ़ ने काफी ज्यादा तबाही मचाई है, कई इलाके पूरी तरह से साफ हो गए. इसमें करीब 4 हजार से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं. सड़कों के बह जाने से पुल टूट चुके हैं और कई इलाके पूरी तरह से कट चुके हैं. फिलहाल तन्वी जैसे कई बच्चे अपनों का इंतजार कर रहे हैं और उम्मीद लगाए बैठे हैं कि वो वापस जरूर आएंगे.
ये भी पढ़ें - कॉलेज और यूनिवर्सिटी में Ragging रोकने के लिए UGC के क्या हैं नियम, कैसे और कहां करें स्टूडेंट शिकायत...?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं