महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने ड्रग्स इंस्पेक्टर भर्ती को रद्द कर दिया है. पेपर लीक की शिकायतों के बाद आयोग की तरफ से ये कदम उठाया गया है. इस परीक्षा को लेकर एक RTI एक्टिविस्ट को कुछ छात्रों की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद आयोग से इस बारे में संपर्क किया गया और जांच के बाद अब परीक्षा को रद्द किया गया है. इस मामले को लेकर विपक्ष भी महाराष्ट्र सरकार पर पिछले कई दिनों से हमलावर है. इससे पहले आयोग की तरफ से पेपर लीक होने की बात से इनकार किया गया था.
लगातार उठ रहे थे सवाल
महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की इस परीक्षा को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे. कुछ छात्रों का आरोप था कि परीक्षा से पहले ही सवाल लीक हो गए थे. इसमें बताया गया कि 22 मार्च को हुई परीक्षा के 70 से ज्यादा सवाल 20 मार्च को ही एक व्हॉट्सऐप ग्रुप पर शेयर हुए थे. इन्हीं गड़बड़ियों की शिकायत तमाम संगठनों की तरफ से की गई और आयोग पर दबाव बनाया गया. अब आयोग ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुरानी प्रक्रिया को पूरी तरह से रद्द करने और नए सिरे से परीक्षा कराने का फैसला लिया है.
कब होगा री-एग्जाम?
MPSC की तरफ से ये नहीं बताया गया है कि ड्रग्स इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा कब होगी. जल्द ही आयोग की तरफ से नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा. जिन उम्मीदवारों ने पहले इस परीक्षा के लिए आवेदन किया था, उन्हें दोबारा फीस भरने या आवेदन की जरूरत नहीं होगी. उनके अपडेटेड एडमिट कार्ड जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे.
आयोग की छात्रों को सलाह
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को आयोग की तरफ से सलाह दी गई है कि वो किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करें. सटीक और सही जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट mpsc.gov.in पर ही नजर रखें.
ये भी पढ़ें - स्कूलों में पढ़ा रहे टीचर्स के लिए CTET निकालना आसान या फिर TET? जानें पासिंग मार्क्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं