- संघ लोक सेवा आयोग ने एक अक्टूबर 2026 को अपनी स्थापना के सौ वर्ष पूरे कर लिए हैं.
- IPS अधिकारी नीपा मनोचा ने 2023 बैच की अधिकारी के रूप में AGMUT कैडर प्राप्त किया है.
- नीपा मनोचा संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में तीन बार इंटरव्यू तक पहुंची हैं.
नई दिल्ली: देश को आईएएस, आईपीएस व आईएफएस जैसे टॉप लेवल के अफसर देने वाले संघ लोक सेवा आयोग ने 1 अक्टूबर 2026 को अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं. इन सौ वर्षों में से तीन साल IPS अधिकारी नीपा मनोचा के लिए भी कभी नहीं भूलने वाले रहे हैं. इसकी जानकारी खुद नीपा मनोचा ने सोशल मीडिया पर साझा की है. IPS अधिकारी नीपा मनोचा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें उन्होंने तीन तस्वीरों का कोलाज बनाते हुए कैप्शन में लिखा, "UPSC के 100 साल में से 3 साल मेरे भी." खास बात यह है कि नीपा मनोचा की ये तीनों तस्वीरें दिल्ली स्थित UPSC भवन धौलपुर हाउस के बाहर की हैं.
दिल्ली की रहने वाली नीपा मनोचा भारतीय पुलिस सेवा की 2023 बैच की अधिकारी हैं और उन्हें AGMUT (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर आवंटित हुआ है. तस्वीरों पर वर्ष 2020, 2022 और 2024 लिखा हुआ है. इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि वह संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में तीन बार इंटरव्यू चरण तक पहुंचने में सफल रही हैं.

IPS अधिकारी नीपा मनोचा
उनके इंस्टाग्राम बायो के अनुसार, नीपा मनोचा ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया लेवल पर 144वीं रैंक और साल 2023 में AIR 183 हासिल की थी. उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वूमेन से वर्ष 2015 में स्नातक तथा वर्ष 2017 में दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की.
कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा में भी हासिल की थी रैंक
भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी बनने से पहले नीपा मनोचा ने कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा में आठवीं रैंक हासिल की थी. इसके बावजूद उन्होंने सिविल सेवा का रास्ता चुना. नीपा ने एक स्टॉक एक्सचेंज फर्म में नौकरी भी की, लेकिन बाद में नौकरी छोड़कर UPSC की तैयारी शुरू कर दी. उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर IPS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया. नीपा मनोचा ने हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. उन्होंने "साम्प्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता" विषय पर सर्वश्रेष्ठ निबंध के लिए गृह मंत्रालय की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की.

पीएम मोदी बोले-यूपीएससी पर अटूट भरोसा
पीआईबी इंडिया के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपीएससी की स्थापना के सौ साल पर कहा कि ''आज न सिर्फ यूपीएससी के 100 साल पूरे होने का जश्न है, बल्कि इसकी समृद्ध विरासत का भी जश्न है. यह उन आकांक्षाओं का उत्सव है जो हर साल लाखों युवा भारतीय पालते हैं. यह उस भरोसे का जश्न है जो हर भारतीय इस संस्था पर रखता है. इस 100 साल की यात्रा में, पीढ़ियां बदल गई हैं, सरकारें बदल गई हैं, प्रौद्योगिकी विकसित हो गई है, और पाठ्यक्रम बदल गए हैं. लेकिन यूपीएससी पर भरोसा हमेशा की तरह अटूट है.
यह भी पढ़ें- IAS अनु कुमारी ने छोड़ा तिरुवनंतपुरम DM पद, विदाई पर भावुक हुईं हरियाणा की UPSC टॉपर बेटी
यह भी पढ़ें- 'नीप्स, मुझे आप पर गर्व': IPS नीपा मनोचा ने SVPNPA में रचा इतिहास, पति ने लिखा भावुक संदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं