- IAS अनु कुमारी का तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर पद से तबादला हो गया है और उनकी जगह अंजू केएस नियुक्त हुई हैं
- अनु कुमारी ने तिरुवनंतपुरम में कार्यकाल के दौरान जनता का स्नेह और सहयोग मिलने पर आभार व्यक्त किया है
- नई कलेक्टर अंजू केएस ने जनता की समस्याओं के समाधान और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया
तिरुवनंतपुरम. हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली और यूपीएससी 2017 की ऑल इंडिया सेकेंड टॉपर आईएएस अनु कुमारी का तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर पद से तबादला हो गया है. उनकी जगह आईएएस अंजू केएस को जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है. इस बदलाव के बीच दोनों अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भावनात्मक संदेश साझा करते हुए जनता और प्रशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की.

IAS anu kumari anju ks DM thiruvananthapuram
अनु कुमारी ने कहा, जनता का प्यार हमेशा याद रहेगा
तिरुवनंतपुरम जिला कलेक्टर के रूप में अपना कार्यकाल पूरा करने पर आईएएस अनु कुमारी ने लिखा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात रही कि उन्हें इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जिले के लोगों के सपनों और उम्मीदों के साथ काम करने का अवसर मिला. उन्होंने अपने विदाई संदेश में सहयोगियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों का आभार जताते हुए कहा कि राजधानी जिले की प्रशासनिक चुनौतियों के बावजूद सभी ने मिलकर विकास और जनकल्याण के कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए. उन्होंने विशेष रूप से राज्य के राजस्व मंत्री ए.पी. अनिल कुमार और अपने सहयोगी अधिकारियों का धन्यवाद किया. अनु कुमारी ने लिखा कि तिरुवनंतपुरम के लोगों ने उन्हें बेहद स्नेह और सहयोग दिया, जिसे वह हमेशा याद रखेंगी.
तिरुवनंतपुरम की नई कलेक्टर अंजू केएस ने मांगा जनता का सहयोग
तिरुवनंतपुरम की नई जिला कलेक्टर अंजू केएस ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि वह लोगों की राय और सुझावों को महत्व देते हुए जिले के समग्र विकास के लिए काम करेंगी. उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम इतिहास, संस्कृति और विविधता से भरपूर जिला है. जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी प्रशासन उनकी प्राथमिकता होगी. अंजू केएस ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर जिले के बड़े पैमाने पर विकास और जनकल्याण के लिए काम करेंगे.

ias anu kumari transfer thiruvananthapuram collector anju ks biography
शशि थरूर ने दोनों अधिकारियों को दी शुभकामनाएं
तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर ने भी सोशल मीडिया पर दोनों अधिकारियों को लेकर संदेश साझा किया. उन्होंने नई जिला कलेक्टर अंजू केएस को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिले में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में ये सफलतापूर्वक आगे बढ़ेंगी. साथ ही उन्होंने निवर्तमान कलेक्टर अनु कुमारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कलेक्टर सुपर-100 और प्रोजेक्ट अक्षरम जैसी जनहितकारी पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. थरूर ने अनु कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की.
कौन हैं IAS अनु कुमारी?
आईएएस अनु कुमारी हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली हैं और 2018 बैच की केरल कैडर अधिकारी हैं. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2017 में देशभर में दूसरी रैंक हासिल की थी. 18 नवंबर 1986 को जन्मीं अनु कुमारी ने सोनीपत के शिवा शिक्षा सदन से स्कूली शिक्षा प्राप्त की. इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदू कॉलेज से फिजिक्स में बीएससी ऑनर्स और आईएमटी नागपुर से एमबीए किया.
अनु कुमारी ने लगभग नौ वर्षों तक आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी की. वर्ष 2012 में उनका विवाह गुरुग्राम के व्यवसायी वरुण दहिया से हुआ. इसके बाद उन्होंने 2016 में बैंक की नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू की. दूसरे प्रयास में उन्होंने 2017 की सिविल सेवा परीक्षा में देशभर में दूसरी रैंक हासिल की और आईएएस अधिकारी बनीं. उनकी सफलता की कहानी आज भी यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जाती है.
यह भी पढ़ें- IAS अनु कुमारी ने ओणम पर त्रिवेंद्रम कलेक्ट्रेट में किया पारंपरिक डांस, UPSC में पाई थी AIR-2
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं