IIT Dropouts Success Stories: हर साल लाखों स्टूडेंट्स IIT में एडमिशन पाने का सपना देखते हैं. कॉम्पटिशन काफी तगड़ा होने से सिर्फ कुछ ही को ही सफलता मिल पाती है. आईआईटी से पढ़ने वाले कई लोग इसे लाइफ की सबसे बड़ी उपलब्धि मानते हैं. लेकिन कुछ लोग ऐसे भी निकले, जिन्होंने IIT की पढ़ाई बीच में छोड़ दी और फिर अपने दम पर ऐसा कर दिखाया कि आज पूरी दुनिया उन्हें जानती है. किसी ने अरबों की कंपनी बना दी, किसी ने टेक दुनिया बदल दी, तो किसी ने राजनीति और कानून में बड़ा नाम कमा लिया.
खास बात ये है कि इन लोगों ने सेफ रास्ता छोड़कर अपने दिल की सुनी. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ IIT ड्रॉपआउट्स की सक्सेस स्टोरीज, जिन्होंने साबित किया कि सफलता सिर्फ डिग्री से नहीं, सोच और मेहनत से मिलती है.
राहुल राय: 5 महीने में बना दी 283 करोड़ की कंपनीसाल 2015 में राहुल राय ने वो किया जो शायद कोई सोच भी नहीं सकता था. उन्होंने देश के सबसे प्रीमियम कॉलेज IIT बॉम्बे को बाय-बाय बोल दिया था. उन्हें फाइनेंस की दुनिया अट्रैक्ट कर रही थी, इसलिए आगे की पढ़ाई के लिए अमेरिका की व्हार्टन यूनिवर्सिटी चले गए. वहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने मॉर्गन स्टेनली जैसी बड़ी विदेशी कंपनी में नौकरी की. लेकिन उनका सपना तो खुद का बिजनेस शुरू करना था. 2020 में वो भारत लौटे और जनवरी 2021 में अपने दोस्तों के साथ मिलकर 'गामा पॉइंट कैपिटल' (Gamma Point Capital) नाम का एक क्रिप्टो हेज फंड स्टार्टअप शुरू किया. कमाल की बात ये रही कि स्टार्टअप शुरू होने के मात्र 5 महीने के अंदर एक बड़ी अमेरिकी कंपनी ने इसे 283 करोड़ रुपए में खरीद लिया.
मुकेश अंबानी: देश के सबसे अमीर बिजनेस टाइकून
आज रिलायंस इंडस्ट्रीज को कौन नहीं जानता है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि एशिया के सबसे अमीर शख्सियतों में शुमार मुकेश अंबानी ने भी केमिकल इंजीनियरिंग के लिए IIT की पढ़ाई को बीच में ही छोड़ दिया था. उन्होंने अपना रास्ता बदला, अपनी सूझबूझ से रिलायंस के बिजनेस को आगे बढ़ाया और आज वो तेल, पेट्रोकेमिकल्स से लेकर जियो और रिलायंस रिटेल के जरिए पूरे देश के मार्केट पर राज कर रहे हैं. आज वे एशिया के सबसे अमीरों में हैं.
शाश्वत नकरानी: 23 साल की उम्र में बने सबसे युवा अरबपति
जब 23 साल की उम्र में हमारे आसपास के ज्यादातर युवा यह सोच रहे होते हैं कि आगे कौन सी नौकरी करनी है, तब शाश्वत नकरानी देश के सबसे कम उम्र के सेल्फ-मेड अरबपति बन चुके थे. शाश्वत ने भी अपनी IIT की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी, क्योंकि उनके दिमाग में एक बड़ा आइडिया चल रहा था. उन्होंने BharatPe ऐप की शुरुआत की, जिसने आज देश के छोटे-बड़े दुकानदारों के लिए डिजिटल पेमेंट को बेहद आसान बना दिया है.
अजहर इकबाल: 60 शब्दों के आइडिया से खड़ी की 700 करोड़ की कंपनी
अगर आप अपने स्मार्टफोन पर न्यूज पढ़ते हैं, तो आपने InShorts ऐप का नाम जरूर सुना होगा. सिर्फ 60 शब्दों में देश-दुनिया की बड़ी खबरें देने वाले इस धांसू ऐप के को-फाउंडर अजहर इकबाल भी IIT ड्रॉपआउट हैं. पढ़ाई छोड़कर उन्होंने इस ऐप पर काम करना शुरू किया और आज उनकी इस कंपनी की वैल्यू 700 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो चुकी है.
राहुल यादव: रियल एस्टेट की दुनिया के दिग्गज
IIT बॉम्बे के फाइनल ईयर में पहुंचकर पढ़ाई छोड़ देना किसी के लिए भी बहुत बड़ा झटका हो सकता है, लेकिन राहुल यादव के इरादे कुछ और थे. वो कुछ ऐसा करना चाहते थे, जो सीधे लोगों की मदद करे. उन्होंने Housing.com की शुरुआत की और देखते ही देखते देश में ऑनलाइन घर ढूंढने और खरीदने का पूरा तरीका ही बदल दिया. उनका मानना है कि हर आइडिया भले ही तुरंत कामयाब न हो, लेकिन अगर आपका फोकस पक्का है तो रास्ता मिल ही जाता है.
प्रशांत भूषण और डॉ. दामोदरन ने भी छोड़ा IIT
सिर्फ बिजनेस ही नहीं, बल्कि देश के अन्य क्षेत्रों में भी IIT छोड़ने वालों ने बड़ा नाम कमाया है. देश के मशहूर वकील प्रशांत भूषण ने IIT मद्रास में दाखिला लिया था, लेकिन सिर्फ एक सेमेस्टर के बाद उन्होंने इसे छोड़ दिया और वकालत की तरफ कदम बढ़ाए. वहीं, सेबी के पूर्व चीफ डॉ. दामोदरन ने भी IIT छोड़कर इकोनॉमिक्स और कानून की पढ़ाई की और आगे चलकर देश के कई बड़े बैंकों और सरकारी विभागों में ऊंचे पदों पर काम किया.
नारायण मूर्ति: इंफोसिस फाउंडर की दिलचस्प कहानी
देश के दिग्गज आईटी उद्योगपति और इंफोसिस (Infosys) के फाउंडर नारायण मूर्ति की कहानी थोड़ी अलग है. उन्होंने तो IIT की एंट्रेंस परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन उस समय पैसों की तंगी के कारण वे दाखिला नहीं ले पाए. इसके बाद उन्होंने मैसूर से इंजीनियरिंग की और आगे चलकर इंफोसिस जैसी दिग्गज ग्लोबल कंपनी खड़ी कर दी.
यह भी पढ़ें- IAS दिव्या मित्तल ने क्यों कहा- 'हमारी शिक्षा व्यवस्था हमें खुश रहना नहीं सिखाती'? गिनाई 9 कमियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं