JEE Main परीक्षा के लिए अब दो महीने से भी कम का वक्त बचा है. करीब 14 लाख छात्र अब तक इसके लिए आवेदन कर चुके हैं और फीस का भुगतान भी कर दिया है. बोर्ड परीक्षाओं के साथ ये छात्र इंजीनियरिंग एंट्रेंस टेस्ट यानी जेईई मेन की भी जमकर तैयारी कर रहे हैं. हालांकि कुछ छात्र तैयारी के बीच ऐसी गलतियां कर लेते हैं, जो उनके रिजल्ट को खराब कर सकती हैं. ऐसे में हमने एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा से बातचीत की, जिसमें उन्होंने ऐसी पांच चीजें बताईं, जिन्हें ध्यान में रखना जरूरी है.
सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें
देव शर्मा ने बताया कि जेईई-मेन 2027 के जनवरी सेशन में अब करीब 55 दिन ही बचे हैं. ऐसे में छात्रों को अपनी पढ़ाई का तरीका एकदम व्यवस्थित रखना चाहिए. आमतौर पर दिसंबर और जनवरी में परीक्षा से ठीक पहले सोशल मीडिया पर पेपर के स्तर, संभावित कटऑफ, पेपर लीक या परीक्षा टलने जैसी कई अफवाहें उड़ने लगती हैं. जो छात्र सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहते हैं, वे इन बातों में उलझकर भटक जाते हैं. इतनी बड़ी परीक्षा में सफलता पाने के लिए इन फालतू चर्चाओं से दूर रहना ही सबसे सही है, और इसका सीधा तरीका है सोशल मीडिया से दूरी बना लेना.
हर विषय की अलग कटऑफ नहीं होती, इस बात को समझें
जेईई-मेन के नियम के अनुसार, इसमें हर विषय में अलग-अलग न्यूनतम अंक लाने की बाध्यता नहीं है. यानी इसमें 'इंडिविजुअल सब्जेक्ट कटऑफ' नहीं होती, जबकि जेईई-एडवांस्ड में विषयवार कटऑफ का नियम लागू होता है. कई बार जानकारी न होने के कारण छात्र किसी एक विषय में कमजोर होने पर उम्मीद छोड़ देते हैं और निराश हो जाते हैं, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है.
कम स्कोरिंग टॉपिक्स में न उलझें
छात्रों को चाहिए कि वे सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स की मदद से ये तय कर लें कि कौन से टॉपिक्स ज्यादा स्कोरिंग हैं और कौन से कम. आखिरी वक्त में अपनी पूरी ताकत और समय स्कोरिंग टॉपिक्स को पक्का करने में लगाएं. कम स्कोरिंग या उलझाने वाले टॉपिक्स के पीछे पड़कर समय खराब करना ठीक नहीं है.
रात में देर तक जागने की आदत बदलें, रूटीन सेट करें
आजकल कई छात्रों को देर रात तक पढ़ने और सुबह देर से उठने की आदत होती है, लेकिन परीक्षा के आखिरी दिनों में यह आदत भारी पड़ सकती है. अगर जेईई-मेन के जनवरी सेशन में किसी छात्र की शिफ्ट सुबह की आ गई, तो शरीर और दिमाग को जल्दी उठने की आदत न होने के कारण परीक्षा के दिन परेशानी हो सकती है. ऐसे में छात्र अपनी नींद और उठने का समय अभी से परीक्षा की सुबह और शाम की शिफ्ट के हिसाब से सेट कर लें
हौसला बनाए रखें, परीक्षा ही सब कुछ नहीं है
छात्रों को खुद पर भरोसा रखना चाहिए और फेल होने या कम अंक आने के डर को मन से निकाल देना चाहिए. ये बात हमेशा याद रखें कि कोई भी परीक्षा जिंदगी का एक पड़ाव भर है, आखिरी मंजिल नहीं. एक परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक नतीजा न मिलने से किसी का भविष्य तय नहीं होता. जिंदगी बहुत बड़ी है और आगे बढ़ने व खुद को साबित करने के कई मौके मिलते रहते हैं.
यह भी पढ़ें | बोर्ड परीक्षाओं के साथ कैसे करें JEE Main की तैयारी? एक्सपर्ट ने दिए टिप्स
यह भी पढ़ें | JEE Main की तैयारी के लिए NTA ने जारी किए पिछले साल के क्वेश्चन पेपर, एक्सपर्ट ने दी ये सलाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं