हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया गया है. कुल 675 अंकों की इस परीक्षा में सोनीपत के अभिषेक सरोहा ने 394.50 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया है. दूसरे स्थान पर कुलदीप रहे, जिन्हें 392.90 अंक मिले. वहीं, ईशा काला 388.60 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. इस बार के नतीजों में लड़कियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. टॉप-10 उम्मीदवारों में छह लड़कियों ने जगह बनाई है, जबकि चार लड़के शामिल हैं.
टॉप-10 में कौन-कौन रहा शामिल?
रिजल्ट के मुताबिक, अभिषेक सरोहा ने पहला, कुलदीप ने दूसरा और ईशा काला ने तीसरा स्थान हासिल किया. क्रीमी चौथे, छवि पांचवें, रजत फोगाट छठे और राहुल सैनी सातवें स्थान पर रहे. वहीं, मानवी ने आठवां, रीनू ने नौवां और ज़ैनव खातून ने दसवां स्थान हासिल किया. इस तरह टॉप-10 में ईशा काला, क्रीमी, छवि, मानवी, रीनू और ज़ैनव खातून समेत छह लड़कियां शामिल हैं.
असफलताओं के बाद अभिषेक ने हासिल किया पहला स्थान
फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद अभिषेक सरोहा ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि सालों के संघर्ष, असफलताओं, मामूली अंतर से चूके मौकों के बाद आखिरकार उनका नाम फाइनल चयन सूची में आया है. उन्होंने कहा कि HCS में पहली रैंक हासिल करने पर उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा है. अभिषेक ने अपनी सफलता के लिए भगवान और उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने उन पर भरोसा बनाए रखा.

UPSC और PCS की कई परीक्षाएं दे चुके हैं अभिषेक
अभिषेक की सफलता के पीछे लंबे समय तक चली तैयारी और लगातार प्रयासों की कहानी है. वह UPSC के पांच मेन्स और PCS के तीन मेन्स एग्जाम दे चुके हैं. इसके अलावा, वह UPSC के दो और PCS के दो इंटरव्यू में भी शामिल हो चुके हैं. UPSC और PCS मिलाकर वह लगभग 14 बार प्रीलिम्स परीक्षा भी पास कर चुके हैं.
अप्रैल में हुआ था प्रीलिम्स एग्जाम
HCS प्रीलिम्स परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम 4 मई को जारी हुआ. इसके बाद 20 मई को कैटेगरी-वाइज रिजल्ट और 1 जून को संशोधित रिजल्ट जारी किया गया. मेन्स परीक्षा 27 से 29 जून के बीच आयोजित हुई थी, जिसका परिणाम 17 सितंबर को घोषित किया गया था.
यह भी पढ़ें | NTPC इलेक्ट्रॉन क्विज में IIT मद्रास के छात्रों का दबदबा, मिला 1 लाख रुपये का इनाम
यह भी पढ़ें | रेलवे स्टेशन मास्टर भर्ती 2026 में बड़ा बदलाव, अब 2 नहीं 1 CBT; अंग्रेजी कॉम्प्रिहेंशन भी शामिल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं