रेलवे भर्ती बोर्ड(RRB) ने स्टेशन मास्टर पद पर भर्ती की प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न में बड़ा बदलाव किया है. साल 2026 से स्टेशन मास्टर की भर्ती अन्य NTPC पदों से अलग होगी और इसके लिए अलग सेंट्रलाइज्ड एम्प्लॉयमेंट नोटिफिकेशन (CEN) जारी की जाएगी. नई व्यवस्था में चयन चार चरणों में होगा. नए नोटिफिकेशन के तहत स्टेशन मास्टर भर्ती में पहले की तरह दो कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं नहीं होंगी. अब एक ही CBT आयोजित किया जाएगा. इसके बाद कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी), दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षा होगी. सीबीटी में कुल 100 अंकों के प्रश्न होंगे और परीक्षा के लिए 120 मिनट मिलेंगे. प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की निगेटिव मार्किंग होगी.
परीक्षा में अंग्रेजी कॉम्प्रिहेंशन की एंट्री
नई परीक्षा का एक अहम बदलाव अंग्रेजी रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन को शामिल किया जाना है. इसे लॉजिकल कैपेबिलिटी के अंतर्गत रखा गया है. अभ्यर्थियों को अंग्रेजी में दिए गए गद्यांश पढ़कर उनसे जुड़े सवालों के जवाब देने होंगे. गद्यांश इतिहास, समाज, साहित्य, विज्ञान, पर्यावरण, तकनीक, संस्कृति, पौराणिक कथाओं और एब्सट्रैक सब्जेक्ट पर आधारित हो सकते हैं.
डेटा इंटरप्रिटेशन को अलग 30 अंक
नई परीक्षा में डेटा एनालिसिस और इंटरप्रिटेशन को भी अलग महत्व दिया गया है. इस हिस्से के लिए 30 अंक होंगे. इसमें तालिका, ग्राफ, पाई चार्ट, स्कैटर प्लॉट, सांख्यिकीय वितरण, वेन डायग्राम, डेटा सफिशिएंसी और डेटा अरेंजमेंट के आधार पर सवाल पूछे जाएंगे. दिए गए आंकड़ों का विश्लेषण कर निष्कर्ष निकालने की क्षमता पर जोर रहेगा.
गणित और बेसिक साइंस के 30 अंक
CBT में बेसिक साइंस और मैथमेटिक्स के लिए 30 अंक निर्धारित किए गए हैं. पाठ्यक्रम में नंबर सिस्टम, रेशियो-प्रोपोर्शन, एवरेज, परसेंटेज, प्रॉफिट-लॉस, टाइम, स्पीड-डिस्टेंस, वर्क, अलजेब्रा, जियोमेट्री, ट्रिगोनोमेट्री, एरिया, वॉल्यूम, प्रोबेबिलिटी और स्टैटिस्टिक्स जैसे विषय शामिल हैं. साइंस में यूनिट्स एंड मेजरमेंट, मास, डेंसिटी, एनर्जी, मोशन, फ्रिक्शन, हीट, टेम्परेचर, इलेक्ट्रिसिटी और सिंपल मशीन्स से जुड़े बुनियादी सवाल होंगे.
CBAT के बाद बनेगी अंतिम मेरिट
नई चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) की भूमिका बरकरार रखी गई है. CBAT में क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थियों को ही अंतिम मेरिट के लिए शामिल किया जाएगा. अंतिम मेरिट में CBT के अंकों का 70 प्रतिशत और CBAT के अंकों का 30 प्रतिशत वेटेज होगा.
पुराने पैटर्न से कितना बदला?
पहले स्टेशन मास्टर भर्ती NTPC ग्रेजुएट भर्ती का हिस्सा थी और दो चरणों में CBT होता था. अब भर्ती अलग से होगी और केवल एक CBT होगा. पुराने पैटर्न में जनरल अवेयरनेस का बड़ा हिस्सा था, जबकि नए पैटर्न में इसे हटाकर बेसिक साइंस, डेटा इंटरप्रिटेशन और अंग्रेजी रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन को शामिल किया गया है. परीक्षा का टाइम भी 90 मिनट से बढ़ाकर 120 मिनट कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें | रेलवे में सबसे ज्यादा सैलरी किस नौकरी में मिलती है? जानिए IRTS से लेकर लोको पायलट तक, कौन कमाता है सबसे ज्यादा
यह भी पढ़ें | लोको पायलट से लेकर TTE तक, रेलवे में किसे कितनी मिलती है सैलरी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं