विज्ञापन

BPSC AEDO परीक्षा में ब्लूटूथ से मिल रहे थे हर सवाल के जवाब, सॉल्वर गैंग ने 20 लाख में की थी डील

BPSC ADEO Exam Cheating: एग्जाम के दौरान गैंग के कुछ लोग सेंटर के बाहर बैठे हुए थे, जो सभी सवालों के जवाब ब्लूटूथ के जरिए बता रहे थे. पुलिस ने पूरा प्लान बनाकर इन्हें धर दबोचा और अब सरगना की तलाश की जा रही है.

BPSC AEDO परीक्षा में ब्लूटूथ से मिल रहे थे हर सवाल के जवाब, सॉल्वर गैंग ने 20 लाख में की थी डील
BPSC ADEO Exam Cheating: एग्जाम सेंटर के बाहर से करवा रहे थे चीटिंग

BPSC AEDO Exam Cheating: बिहार में सरकार की लाख कोशिशों के बाबजूद सॉल्वर गैंग तकनीक का फायदा उठा कर हर परीक्षा में अपना कमाल करते देखे जा रहे हैं. ये अलग बात है कि पुलिस इंटेलिजेंट की सतर्कता से ऐसे गैंग के सदस्य पकडे जा रहे हैं. दरअसल बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंधमारी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. बेगूसराय के रजौड़ा स्थित परीक्षा केंद्र से एक परीक्षार्थी अभिषेक रंजन को ब्लूटूथ डिवाइस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की कड़ाई से पूछताछ के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर घात लगाए बैठे गिरोह के चार अन्य सदस्यों को भी पुलिस 19 अप्रैल देर रात गिरफ्तार कर लिया गया. जांच में खुलासा हुआ है कि परीक्षा पास कराने के लिए सॉल्वर गैंग के साथ बीस-बीस लाख रुपये की भारी-भरकम रकम डील हुई थी. 

मुंगेर पुलिस से मिले इनपुट और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस की स्पेशल टीम ने आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों को पकड़ा. फिलहाल पुलिस इस 'सॉल्वर गैंग' के मास्टरमाइंड अमरजीत की तलाश में जुटी है और मामले की गहराई से जांच कर रही है. 

कैसे पकड़े गए आरोपी?

दरअसल बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सीताराम उच्च विद्यालय रजौड़ा स्थित परीक्षा केंद्र पर शनिवार 18 अप्रैल को एडीईओ की परीक्षा देने पहुंचे खगड़िया जिला के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित पनसल्ला गांव के रहने वाले अभिषेक रंजन को पुलिस की स्पेशल टीम ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ पकड़ा था. परीक्षा केंद्र के अंदर से इसे पकड़े जाने के बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो काफी कुछ खुलासा हुआ. इसके बाद परीक्षा केंद्र के बाहर से दरभंगा जिला के बहेरा थाना क्षेत्र स्थित मलौल गांव के रहने वाले मनीष कुमार, जमुई जिला के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीपुर गांव के रहने वाले राजदीप कुमार को पकड़ा गया.

20 लाख रुपये में हुई थी डील

इसके बाद खगड़िया जिला के गोगरी थाना क्षेत्र स्थित मुस्कीमपुर गांव के रहने वाले सदानंद कुमार एवं चौथम थाना क्षेत्र के कैंची गांव के रहने वाले  सरफराज आलम को पुलिस ने रविवार की देर रात गिरफ्तार किया. एसपी मनीष ने बताया कि धारा-318 (4), 223, 111(2) एवं 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई चल रही है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक रंजन पटना के पटेल छात्रावास में रहकर प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करता था. उसने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा का फॉर्म भरा तो उसे पास करने के लिए गिरोह के संपर्क में आया. जिसमें 20 लाख रुपए में डील हुई थी. उसे ब्लूटूथ से कनेक्ट छोटा सा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस दिया गया था. जिसके माध्यम से बाहर बैठे रैकेट के लोग उसे उत्तर बताते. परीक्षा केंद्र में वह लिखता, लेकिन इससे पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है. 

सादी वर्दी में पहुंचे पुलिसवाले

पुलिस सूत्रों के अनुसार 16 मार्च को मुंगेर में सॉल्वर गैंग के पकड़े जाने के बाद उससे पूछताछ में पुलिस को इनपुट मिला था कि खगड़िया का रहने वाला अभिषेक रंजन बेगूसराय में परीक्षा देने वाला है और उसकी भी सेटिंग है. इसके साथ ही समस्तीपुर के भी एक परीक्षार्थी के संबंध में इनपुट मिला था. इसी सूचना के आधार पर स्पेशल टीम एक्टिव हो गई. सादी वर्दी में अधिकारी सवेरे ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे और हर गतिविधि की निगरानी कर रहे थे. सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से अभिषेक रंजन पर नजर रखी जा रही थी‌. परीक्षा शुरू होने से पहले वह बाथरूम गया था और बाथरूम से वापस लौटकर रूम में बैठने के बाद वह बार-बार अपने कान पर हाथ देता था. सीसीटीवी में यह कई बार यह गतिविधि देखे जाने के बाद स्पेशल टीम एक्टिव हुई और शिक्षकों के सहयोग से उसे रूम में जाकर पकड़ा गया. 

ब्लूटूथ से हर सवाल का जवाब

ऑफिस में लाकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने बहुत कुछ राज उगल दिया. उसने बता दिया की परीक्षा शुरू होते ही इस डिवाइस के माध्यम से उसे सभी उत्तर मिल जाता, इसकी तैयारी हो गई थी. केंद्र के बाहर सॉल्वर गैंग के सदस्य बैठे हैं जो कि उन्हें उत्तर उपलब्ध कराने वाले थे‌. बरामद किए गए ब्लूटूथ का रेंज 400 मीटर था. जिससे की आसानी से उत्तर मिल जाता. मामले की सूचना मिलते ही एसपी मनीष मौके पर पहुंचे. बाहर बैठे गैंग के सदस्यों को लगा कि परीक्षा की जांच करने आए हैं, उन्हें थोड़ी भी आशा नहीं थी मामले का भंडाफोड़ होगा, लेकिन अंदर में पूछताछ में जब सब कुछ खुलासा हो गया तो उसी की निशानदेही पर बाहर बैठे चार युवकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

सभी को मुफस्सिल थाना लाया गया, जहां एसपी के नेतृत्व में देर रात तक पूछताछ हुई‌. फिलहाल पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) इस गैंग से जुड़े अमरजीत नाम के सॉल्वर गैंग के एक प्रमुख सदस्य की तलाश कर रही है, जिसने पूरी सेटिंग करवाई थी और वह बेगूसराय जिला का रहने वाला बताया जा रहा है.

ये भी पढ़ें - मुंबई में खुल रहे हैं 5 दिग्गज विदेशी यूनिवर्सिटी के कैंपस: अब घर बैठे मिलेगी UK और US की डिग्री, जानिए कैसे..

लेखक के बारे में
img
Santosh Prasad
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bluetooth Gang Bihar, Exam Solver Gang, Bihar Exam Solver Gang, BPSC AEDO Exam, BPSC AEDO Exam Cheating
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com