Divya Mittal New Party: पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने 15 अक्टूबर 2026 को 'जननीति भारत पार्टी' नाम की अपनी नई पार्टी का ऐलान किया है. इसी पार्टी के टिकट पर दिव्या मित्तल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं. अपने राजनीतिक सफर के अगले कदम के बारे में बताते हुए दिव्या मित्तल ने 9 साल पुराना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र है. दिव्या मित्तल ने अपनी पार्टी के नाम का ऐलान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. उस वीडियो के कैप्शन में अपने यूट्यूब चैनल के वीडियो का लिंक साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "इसी विषय पर आज से 9 साल पहले मैंने मोदी जी के सामने प्रस्तुतीकरण किया था. तब यह नहीं पता था कि एक दिन इसके लिए IAS छोड़ दूंगी."
दिव्या मित्तल के यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो जनवरी 2017 में अपलोड किया गया था. 5 मिनट 40 सेकंड के इस वीडियो में दिव्या मित्तल का पद असिस्टेंट सेक्रेटरी, नीति आयोग लिखा हुआ है. वीडियो में वह प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में प्रस्तुतीकरण देती नजर आती हैं. इस दौरान दिव्या मित्तल ने सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ाने के लिए एक मोबाइल ऐप का सुझाव दिया. उनका कहना था कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं पर फीडबैक अक्सर अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से लिया जाता है, जिससे वास्तविक स्थिति पूरी तरह सामने नहीं आ पाती. इसलिए लोगों को सीधे सरकार से जोड़ना जरूरी है. वह एक ऐप को लेकर तीन सुझाव देती हैं.
1. My City Safe (महिला सुरक्षा)
महिलाएं किसी भी असुरक्षित स्थान की जानकारी ऐप पर दर्ज कर सकेंगी. ऐप स्वतः लोकेशन और समय रिकॉर्ड करेगा. इससे शहर के असुरक्षित इलाकों का डिजिटल मैप तैयार होगा. पुलिस और प्रशासन वहां पेट्रोलिंग, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी और अन्य सुरक्षा उपाय बढ़ा सकेंगे. यह जानकारी लोगों के लिए भी उपलब्ध होगी, जिससे सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ेगी.
2. My City Health (स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी)
लोग सरकारी अस्पतालों की सेवाओं पर सीधे फीडबैक दे सकेंगे. डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाएं, साफ-सफाई और व्यवहार जैसे पहलुओं का मूल्यांकन होगा. फीडबैक के आधार पर अस्पतालों को लाल, पीली और हरी श्रेणी में दिखाया जाएगा. खराब प्रदर्शन वाले अस्पतालों की पहचान कर उनमें सुधार किया जा सकेगा. बेहतर काम करने वाले अस्पतालों को प्रोत्साहन और पुरस्कार दिए जा सकेंगे.
3. My City Fix (शहर की समस्याओं का समाधान)
नागरिक कूड़ा, जलभराव, टूटी सड़क या अन्य समस्याओं की फोटो अपलोड कर सकेंगे. जीआईएस तकनीक के माध्यम से समस्या की सटीक लोकेशन प्रशासन तक पहुंच सकेगी. समाधान के लिए तय समय-सीमा निर्धारित की जाएगी. समस्या का निस्तारण होने पर लोगों को इसकी जानकारी दी जाएगी. इससे सरकारी सेवाओं में जवाबदेही और भरोसा बढ़ेगा.

पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने 15 अक्टूबर 2026 को 'जन नीति भारत पार्टी' नाम की अपनी नई पार्टी का ऐलान किया है. Photo Credit: Divya Mittal instagram
दिव्या मित्तल ने IAS की नौकरी क्यों छोड़ी?
बता दें कि उत्तर प्रदेश कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की 2013 बैच की अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. वह मिर्जापुर, देवरिया और संतकबीर नगर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. उनके इस्तीफे को राज्य सरकार ने 15 सितंबर 2026 को मंजूरी दे दी थी. इस्तीफा देने और उसके स्वीकृत होने की जानकारी भी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की थी. उन्होंने लिखा था कि 13 साल की सेवा के बाद अपनी यात्रा को विराम दे रही हूं. इसके 15 दिन बाद उन्होंने एक अन्य पोस्ट में बताया कि उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है. 29 सितंबर 2026 को दिव्या मित्तल ने बताया था कि वह लोगों की आवाज उठाना चाहती हैं. इसी कारण उन्होंने IAS की नौकरी छोड़ी है. उनका राजनीति में आने का इरादा है और वह अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत अपनी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश से करेंगी. इस्तीफा देने की वजह उन्होंने व्यवस्थाओं में सुधार की इच्छा को बताया.
दिव्या मित्तल कौन हैं?
23 नवंबर 1983 को जन्मीं दिव्या मित्तल दिल्ली की रहने वाली हैं. वह दो बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर चुकी हैं. यूपीएससी 2011 में उन्होंने ऑल इंडिया स्तर पर 134वीं रैंक हासिल की थी, जिसके बाद वह IPS बनीं. इसके बाद यूपीएससी 2012 में 68वीं रैंक हासिल कर IAS बनीं. उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर मिला था. दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह 2011 बैच के इंडियन ट्रेड सर्विस (ITS) अधिकारी रहे हैं. वर्ष 2022 में गगनदीप सिंह ढिल्लों ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था.
सिविल सेवा में आने से पहले दोनों ने IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई की. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ साल पहले गगनदीप सिंह ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया था कि उन्होंने वर्ष 2005 में दिव्या मित्तल को प्रपोज किया था. उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद दोनों ने लंदन में साथ नौकरी की और फिर भारत लौटकर यूपीएससी की तैयारी शुरू की. दंपति की दो बेटियां हैं.
यह भी पढ़ें- IAS नौकरी छोड़ने वालीं दिव्या मित्तल मिर्जापुर सदर से लड़ेंगी यूपी चुनाव, पार्टी के नाम का किया ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं