- दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को आईएएस सेवा से इस्तीफा दिया, जिसे 15 सितंबर 2026 को मंजूरी मिली
- दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर 29 सितंबर 2026 की सुबह आठ बजे अपने भविष्य के फैसले का ऐलान किया है
- उन्होंने कहा है कि फिलहाल उनका राजनीति में जाने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन कई अटकलें लगाई जा रही हैं
उत्तर प्रदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) से इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल क्या करेंगी? इसका जवाब वह खुद 29 सितंबर 2026 की सुबह साढ़े आठ बजे देंगी. इसकी जानकारी पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर शेयर की है. दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कई संकेत दिए हैं. अब नौकरी छोड़ने के बाद उनकी राजनीति से लेकर विदेश वापसी तक की अटकलों पर जल्द सस्पेंस टूटेगा.
गौरतलब है कि भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2013 बैच की अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उनके इस्तीफे को राज्य सरकार ने 15 सितंबर 2026 को मंजूरी दे दी थी. इस्तीफा देने और उसके स्वीकृत होने की जानकारी भी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की थी. उन्होंने लिखा कि 13 साल की सेवा के बाद अपनी यात्रा को विराम दे रहा हूं. 15 दिन बाद एक पोस्ट में लिखा कि मेरा इस्तीफा स्वीकार हो गया. इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा था कि अभी उनका इरादा राजनीति में जाने का नहीं है.

मिर्जापुर और देवरिया की डीएम रहीं दिव्या मित्तल
मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकीं दिव्या मित्तल के आईएएस सेवा छोड़ने की वास्तविक वजह अब तक सामने नहीं आई है. न ही उन्होंने इस विषय पर सार्वजनिक रूप से कोई विस्तृत टिप्पणी की है. ऐसे में उनके भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में देवरिया या किसी अन्य सीट से चुनाव लड़ने की संभावनाओं को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं. अब इन सभी चर्चाओं और संभावनाओं पर स्वयं दिव्या मित्तल 29 सितंबर की सुबह खुलकर अपनी बात रखने जा रही हैं. ऐसे में उनके अगले कदम को लेकर बना सस्पेंस जल्द समाप्त हो सकता है.
यह भी पढ़ें- पूर्व IAS दिव्या मित्तल के बैचमेट का इस्तीफा भी मंजूर, जगमोहन मीणा कौन, जिन्होंने छोड़ी IPS की नौकरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं