विज्ञापन

UGC NET के तीन पेपर रद्द होने से रिजल्ट, कट-ऑफ लिस्ट, JRF और एडमिशन पर क्या असर होगा?

UGC NET Latest Update : UGC NET के अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी पेपर दोबारा 9 और 10 सितंबर को होंगे. इन सब्जेक्ट्स की कट-ऑफ, JRF और एडमिशन पर असर पड़ सकता है, जबकि बाकी 84 सब्जेक्ट्स के रिजल्ट समय पर आएंगे.

UGC NET के तीन पेपर रद्द होने से रिजल्ट, कट-ऑफ लिस्ट, JRF और एडमिशन पर क्या असर होगा?
UGC NET छात्रों के तमाम सवालों के जवाब

UGC NET Latest Update : UGC NET जून 2026 परीक्षा में अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी की परीक्षाएं अब दोबारा कराई की जाएंगी. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 16 अगस्त को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन सब्जेक्ट्स की परीक्षाओं में स्पेलिंग और टाइपिंग से जुड़ी कई गलतियां सामने आई थीं. अब अंग्रेजी और कॉमर्स की परीक्षा 9 सितंबर, जबकि सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को होगी. हालांकि, इस फैसले का असर बाकी 84 सब्जेक्ट्स के परिणामों पर नहीं पड़ेगा. इन सब्जेक्ट्स के रिजल्ट तय समय पर जारी किए जाएंगे और JRF, असिस्टेंट प्रोफेसर तथा PhD पात्रता से जुड़ी प्रक्रिया भी सामान्य तौर पर आगे बढ़ेगी.

कट-ऑफ में हो सकता है बदलाव

UGC NET में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए कुल उपस्थित उम्मीदवारों में से 6 फीसदी को पात्र माना जाता है. इन तीनों सब्जेक्ट्स के री-एग्जाम के बाद जून की परीक्षा और री-एग्जाम के प्रदर्शन के आधार पर नई कट-ऑफ तय की जाएगी. पेपर की कठिनाई और सवालों के स्तर में अंतर होने पर कट-ऑफ अंकों में मामूली बदलाव संभव है. इसलिए अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के उम्मीदवारों को अंतिम कट-ऑफ के लिए री-टेस्ट के रिजल्ट का इंतजार करना होगा.

JRF पर क्या होगा असर?

अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के उम्मीदवारों के लिए JRF के अवसर री-टेस्ट रिजल्ट के बाद ही साफ होंगे. वहीं, दूसरे 84 सब्जेक्ट्स के JRF अलॉटमेंट और सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा.

PhD और यूनिवर्सिटी एडमिशन में देरी संभव

इन तीन सब्जेक्ट्स के स्कोर के आधार पर PhD या उच्च शिक्षा में एडमिशन लेने वाले छात्रों को री-टेस्ट के रिजल्ट तक इंतजार करना पड़ेगा. दूसरी ओर, दूसरे सब्जेक्ट्स के उम्मीदवारों की एडमिशन और काउंसलिंग प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रह सकती है.

री-एग्जाम के लिए दोबारा फीस नहीं ली जाएगी

NTA ने बताया कि अंग्रेजी की परीक्षा 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. जबकि कॉमर्स का पेपर उसी दिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा. सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी. इस दौरान दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई नई फीस नहीं ली जाएगी.

ये भी पढ़ें - 'NTA की गलती की सजा हम क्यों भुगतें', UGC NET के छात्रों ने पूछा- ट्रैवल का खर्च कौन उठाएगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UGC NET Paper Cancelled, UGC NET Re-Exam Date 2026, NTA Ugc Net
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com