विज्ञापन

दोस्त को बनाया IAS, खुद बनीं IFoS टॉपर, आरुषि मिश्रा-सोनभद्र DM चर्चित गौड़ की दिलचस्प लव स्टोरी

IIT में शुरू हुई दोस्ती, साथ में UPSC की तैयारी, चर्चित गौड़ बने IAS और कई असफलताओं के बाद आरुषि मिश्रा ने IFoS में दूसरी रैंक हासिल की. जानिए IAS-IFS दंपती की दिलचस्प लव स्टोरी और सफलता का सफर. (सोनभद्र से अश्वनी स‍िंह की र‍िपोर्ट)

दोस्त को बनाया IAS, खुद बनीं IFoS टॉपर, आरुषि मिश्रा-सोनभद्र DM चर्चित गौड़ की दिलचस्प लव स्टोरी
arushi mishra charchit gaud upsc love story ias ifos couple
arushi mishra instagram
  • IIT फेस्ट में हुई मुलाकात दोस्ती और बाद में प्रेम में बदल गई
  • आरुषि मिश्रा ने UPSC की तैयारी शुरू की और समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना
  • आरुषि को UPSC में कई असफलताओं का सामना करना पड़ा

IIT के एक फेस्ट में हुई मुलाकात कब IAS-IFS की चर्चित लव स्टोरी में बदल जाएगी, शायद उत्‍तर प्रदेश के पावर कपल आरुषि मिश्रा और चर्चित गौड़ ने भी नहीं सोचा होगा.  NDTV को दिए एक इंटरव्यू में भारतीय वन सेवा अधिकारी आरुषि मिश्रा ने अपनी UPSC यात्रा के साथ उस दोस्ती का भी जिक्र किया, जिसने आगे चलकर उनकी जिंदगी बदल दी.  आरुषि ने अपने मित्र चर्चित गौड़ को UPSC की तैयारी के लिए प्रेरित किया. चर्चित पहले ही प्रयास में IAS बन गए, जबकि आरुषि को यूपीएससी में शुरुआती प्रयासों में असफलताओं का सामना करना पड़ा. आखिरकार उन्होंने हार नहीं मानी और भारतीय वन सेवा परीक्षा में दूसरी रैंक हासिल की. संघर्ष और सफलता के इसी सफर के दौरान दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और फिर शादी तक पहुंच गई.

यूपी के प्रयागराज की रहने वाली भारतीय वन सेवा अधिकारी आरुषि मिश्रा और IAS अधिकारी चर्चित गौड़ की कहानी केवल प्रेम कहानी नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, दोस्ती, भरोसे और सफलता की भी कहानी है. एनडीटीवी से बातचीत में आरुषि ने अपने छात्र जीवन, यूपीएससी की तैयारी, असफलताओं और चर्चित गौड़ के साथ अपने रिश्ते के बारे में विस्तार से बताया.

आरुषि म‍िश्रा की रायबरेली से हुई शुरुआती पढ़ाई 

आरुषि मिश्रा के पिता अजय कुमार मिश्रा प्रयागराज में वकालत करते हैं, जबकि माता नीता मिश्रा इंटर कॉलेज में रसायन विज्ञान की प्रवक्ता हैं. दो भाई-बहनों में आरुषि बड़ी हैं. उनके छोटे भाई अर्णव मिश्रा वर्ष 2023 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और झारखंड कैडर में एसडीएम के रूप में कार्यरत हैं. 31 जनवरी 1991 को जन्मीं आरुषि ने रायबरेली के सेंट पीटर्स स्कूल से 10वीं की परीक्षा 95 प्रतिशत अंक के साथ पास की. गणित में 100 में 100 अंक हासिल करने के बाद उन्होंने आईआईटी में प्रवेश का लक्ष्य बनाया. इसके लिए उन्होंने कोटा जाकर तैयारी की. बाद में एसजेएस पब्लिक स्कूल से 12वीं 91 प्रतिशत अंकों के साथ पास की और गणित में एक बार फिर 100 में 100 अंक हासिल किए. पहले प्रयास में मनचाहा कॉलेज नहीं मिलने के बाद उन्होंने दोबारा प्रयास किया और आईआईटी रुड़की से मेटलर्जी इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. 

Latest and Breaking News on NDTV

आरुषि म‍िश्रा प्रयागराज व चर्चित गौड़ राजस्‍थान के कोटा से हैं. Photo Credit: arushi mishra instagram

IIT फेस्ट में हुई चर्चित गौड़ से पहली मुलाकात

NDTV को दिए इंटरव्यू में आरुषि ने बताया कि कोटा में पढ़ाई के दौरान उन्होंने गणित ओलंपियाड में 500 में 500 अंक हासिल कर चर्चा में आए चर्चित गौड़ का नाम सुना था. उस समय चर्चित आईआईटी दिल्ली में केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे. हालांकि दोनों की पहली मुलाकात बाद में आईआईटी दिल्ली के एक फेस्ट में हुई. यह मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई. पढ़ाई पूरी होने के बाद दोनों अपने-अपने करियर की दिशा तय करने लगे, लेकिन संपर्क लगातार बना रहा.

आरुषि ने दिखाई UPSC की राह

आरुषि ने बताया कि बीटेक के बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी का फैसला किया. इसी दौरान चर्चित गौड़ भी उनके संपर्क में थे. दोनों ने साथ में यूपीएससी की तैयारी शुरू की और इस दौरान आरुषि ने चर्चित की काफी मदद की. समाजशास्त्र में रुचि होने के कारण गणित की छात्रा होने के बावजूद आरुषि ने समाजशास्त्र को अपना वैकल्पिक विषय चुना. दोनों की तैयारी साथ-साथ चल रही थी, लेकिन किस्मत ने दोनों के लिए अलग-अलग रास्ते चुन रखे थे.

चर्चित पहले प्रयास में बने IAS 

जहां चर्चित गौड़ ने वर्ष 2016 में पहले ही प्रयास में UPSC परीक्षा पास कर IAS बनने का सपना पूरा कर लिया और उन्हें मणिपुर कैडर मिला, वहीं आरुषि का संघर्ष शुरू हुआ. आरुषि ने बताया कि उन्हें लगातार असफलताओं का सामना करना पड़ा. कई बार ऐसा लगा कि मंजिल दूर होती जा रही है. परिवार, दोस्तों और खासकर चर्चित के सहयोग ने उन्हें टूटने नहीं दिया.  आरुषि ने कहा कि लगातार असफलताओं के बाद उन पर मानसिक दबाव भी बढ़ने लगा था. यहां तक कि उन्हें घर से खर्च लेना भी अच्छा नहीं लगता था. लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपनी कमजोरियों की पहचान करने पर ध्यान दिया.

अपनी कमियों पर किया काम

आरुषि ने इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने महसूस किया कि कई बार अतिआत्मविश्वास उनके प्रदर्शन पर असर डाल रहा था. प्रीलिम्स में अच्छे अंक हासिल करने के बाद भी मेन्स परीक्षा में वह प्रश्नों के उत्तर आवश्यकता से अधिक विस्तार से लिख देती थीं, जिससे प्रदर्शन प्रभावित हुआ. उन्होंने अपनी रणनीति बदली और उत्तर लेखन पर विशेष ध्यान देना शुरू किया. साथ ही सफल अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं और विभिन्न प्रेरणादायक वीडियो से भी उन्होंने सीख ली. 

Latest and Breaking News on NDTV

कई असफलताओं के बाद मिली बड़ी सफलता

लगातार प्रयासों का परिणाम आखिरकार दिखाई दिया. आरुषि ने UPSC 2018 में 229वीं रैंक हासिल कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में जगह बनाई. इसी दौरान उन्होंने UPPCS परीक्षा में 16वीं रैंक हासिल की और डिप्टी एसपी पद के लिए चयनित हुईं. लेकिन उनका लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ था. उन्होंने भारतीय वन सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी और IFoS परीक्षा में ऑल इंडिया दूसरी रैंक हासिल कर उत्तर प्रदेश कैडर प्राप्त किया. उन्होंने फॉरेस्ट्री और जियोलॉजी विषयों के साथ परीक्षा दी थी, जिसका उन्हें लाभ मिला.

दोस्ती से प्रेम और फिर शादी तक पहुंची कहानी

UPSC की तैयारी के दौरान शुरू हुई दोस्ती समय के साथ और मजबूत होती गई. एक ओर चर्चित गौड़ प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ रहे थे, वहीं आरुषि अपने सपनों को पूरा करने में जुटी थीं. दोनों ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा. लंबे समय तक चली दोस्ती आखिरकार प्यार में बदल गई और वर्ष 2021 में दोनों ने शादी कर ली. इस तरह UPSC की तैयारी से शुरू हुआ रिश्ता जीवनसाथी बनने तक पहुंचा.

सोशल मीडिया पर भी हैं लोकप्रिय

भारतीय वन सेवा अधिकारी आरुषि मिश्रा सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं. इंस्टाग्राम पर उनके 57 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं. प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ वे सामाजिक गतिविधियों में भी भागीदारी निभाती हैं और विभिन्न जनहित कार्यों से जुड़ी रहती हैं. आरुषि मिश्रा ने कहा कि असफलता किसी भी विद्यार्थी को तोड़ सकती है, लेकिन उससे हार नहीं माननी चाहिए. उनके अनुसार सफलता का सबसे बड़ा मंत्र अपनी कमियों को पहचानना और लगातार मेहनत करते रहना है.


यह भी पढ़ें- IAS चर्चित गौड़ की बेटी करने लगी जिद: 'मम्मी, पापा के ऑफिस ले चलो', सोनभद्र DM की IFS पत्नी ने शेयर की कहानी 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IAS, Love Story, UPSC, Uttar Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com