UPSC सिविल सेवा परीक्षा देने के लिए देश और दुनियाभर की तमाम चीजों की जानकारी होनी जरूरी है. कई सालों से यूपीएससी की तैयारी कर रहे एस्पिरेंट्स को इन तमाम चीजों का ज्ञान होता है, जिसका फायदा कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचे भूषण ठाकरे को मिला. उन्होंने केबीसी में एक करोड़ रुपये जीते हैं और इस सीजन के पहले करोड़पति बन गए हैं. अमिताभ बच्चन के शो में उनसे कई अलग-अलग सवाल पूछे गए, जिनका भूषण ने आसानी से जवाब दे दिया और आखिरी पड़ाव तक पहुंच गए. जो तमाम चीजें उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के दौरान पढ़ी थीं, उन सभी का उन्हें इस क्विज शो में फायदा मिला.
पिता करते हैं दिहाड़ी मजदूरी
महाराष्ट्र के जलगांव से आने वाले 28 साल के भूषण के लिए एक करोड़ रुपये जीतना किसी सपने से कम नहीं है. वो मुंबई पहुंचे तो उनकी जेब में महज 24 रुपये थे, लेकिन अब वो करोड़पति हैं. वो बेहद साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं और परिवार का किसी तरह गुजारा चलता है. उनकी मां भी मदद के लिए मजदूरी का काम करती हैं. पूरे परिवार की कुल आय 15 से 20 हजार रुपये है. आर्थिक तंगी के बावजूद भूषण ने बड़े सपने देखे और वो IAS अधिकारी बनना चाहते हैं.
पढ़ाई के लिए पिता ने बेचे मां के गहने
कौन बनेगा करोड़पति में भूषण ठाकरे ने बताया कि परिवार की आर्थिक हालत को देखते हुए उन्होंने नदी के पास कुछ काम करना शुरू कर दिया था, लेकिन उनके पिता ने कहा कि उन्हें अपना सपना पूरा करना चाहिए और सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए. पढ़ाई का खर्च चलाने के लिए उनके पिता ने उनकी मां के गहने बेचे थे. फिलहाल भूषण यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं.
मां के गहने करेंगे वापस
भूषण ठाकरे ने एक करोड़ रुपये जीतने के बाद कहा कि वो अब सबसे पहले अपनी मां के गहने वापस खरीदेंगे, उन्हें इसके बदले दोगुने गहने देंगे. भूषण जब 18 साल के थे, तभी से वो केबीसी में आने की कोशिश कर रहे थे. 2020 से उन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी भी शुरू की. इसके लिए वो कई महीने तक घर से दूर भी रहे. अब एक करोड़ जीतने के बाद वो अपने परिवार के लिए कुछ करना चाहते हैं, साथ ही किसी अच्छी कोचिंग में दाखिला लेने का मन भी बनाया है.
यह भी पढ़ें | पहली बार UPSC को बदलना पड़ा रिजल्ट, 277 से 26 हुई IAS आशुतोष अग्निहोत्री की रैंक
यह भी पढ़ें | ट्रेनिंग के दौरान IPS अधिकारियों के कंधे पर लिखे RR का मतलब क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं