विज्ञापन

एंटी पेपर लीक बिल में नकल करने वाले छात्रों के लिए कितनी सजा? जरूर जान लीजिए ये बात

एंटी पेपर लीक कानून लागू होने के बाद कई छात्रों के मन में सवाल है कि क्या परीक्षा में नकल करते पकड़े जाने पर जेल हो सकती है. जानिए इस कानून में ईमानदारी से परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों के लिए क्या नियम हैं और किन मामलों में कार्रवाई की जा सकती है.

एंटी पेपर लीक बिल में नकल करने वाले छात्रों के लिए कितनी सजा? जरूर जान लीजिए ये बात
एंटी पेपर लीक बिल में छात्रों के लिए क्या है

देशभर में भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले बढ़ने के बाद केंद्र सरकार एंटी पेपर लीक कानून लेकर आई. कानून लागू होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हो रही है कि क्या अब परीक्षा में नकल करने वाले हर छात्र को जेल होगी. कई उम्मीदवार इसे लेकर परेशान भी हैं. लेकिन सच्चाई ये है कि इस कानून का मकसद ईमानदारी से परीक्षा देने वाले छात्रों को डराना नहीं है. ये कानून उन लोगों के खिलाफ बनाया गया है जो पेपर लीक कराते हैं, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करते हैं या पूरे सिस्टम से खिलवाड़ करते हैं. इसलिए छात्रों के लिए पहले ये समझना जरूरी है कि आखिर इस कानून में उनके लिए क्या नियम हैं.

ईमानदारी से परीक्षा देने वाले छात्रों को डरने की जरूरत नहीं

अगर कोई छात्र ईमानदारी से परीक्षा देता है या परीक्षा में हो रही किसी गड़बड़ी की सही जानकारी देता है, तो उसके खिलाफ इस कानून के तहत कोई कार्रवाई नहीं होगी. यानी सिर्फ परीक्षा देने वाला सामान्य उम्मीदवार इस कानून के दायरे में नहीं आता. ऐसे छात्रों को इस कानून से घबराने की जरूरत नहीं है.

कब छात्र भी फंस सकता है

अगर कोई उम्मीदवार पेपर लीक कराने, सवालों का पेपर या आंसर-की खरीदने या बेचने, फर्जी एडमिट कार्ड बनवाने, कंप्यूटर सिस्टम हैक करने, OMR शीट या मेरिट लिस्ट में छेड़छाड़ करने जैसे कामों में शामिल पाया जाता है, तब उस पर इस कानून के तहत कार्रवाई हो सकती है. यानी सिर्फ नकल और संगठित परीक्षा घोटाले में बड़ा फर्क है.

सिर्फ नकल करने पर क्या होगा

अगर कोई छात्र सिर्फ परीक्षा हॉल में नकल करते पकड़ा जाता है, तो इस कानून में उसके लिए अलग से जेल की सजा नहीं रखी गई है. ऐसे मामलों में कार्रवाई वही होगी जो संबंधित परीक्षा कराने वाली एजेंसी के नियमों में पहले से तय है. इसमें परीक्षा रद्द होना, रिजल्ट रद्द होना या कुछ समय के लिए अगली परीक्षाओं से बाहर किया जाना शामिल हो सकता है.

इस कानून का निशाना कौन है

इस कानून का फोकस उन लोगों पर है जो पेपर लीक कराते हैं, भर्ती परीक्षाओं में बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा करते हैं या परीक्षा प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाते हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कड़ी सजा का प्रावधान किया गया है, ताकि भर्ती परीक्षाएं साफ और निष्पक्ष तरीके से कराई जा सकें.

ये भी पढ़ें - UPSC, SSC से लेकर NTA तक, एंटी पेपर लीक कानून में इन परीक्षाओं का जिक्र? ये लोग होंगे जिम्मेदार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Paper Leak, Anti Paper Leak Law, Anti Paper Leak Law India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com