ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को मेरठ पहुंचे थे. उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मुसलमान सदियों तक बाबरी मस्जिद में इबादत करते रहे थे, जो 1992 में तोड़े जाने तक उसी जगह पर मौजूद थी. असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "अखिलेश उस जगह जा रहे हैं, जहां हमने 400 सालों तक इबादत की है."
उन्होंने नगीना में नमाज़ पढ़ने की मांग कर रहे लोगों को ASP नेता चंद्रशेखर आजाद के समर्थन का भी जिक्र किया. यह 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की पहली रैली थी, जो AIMIM और ASP का एक नया गठबंधन है. यह गठबंधन खुद को सत्ताधारी बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA और मुख्य विपक्षी दलों (SP और कांग्रेस) के एक विकल्प के रूप में पेश कर रहा है.
12 दिसंबर को अखिलेश यादव राम मंदिर जाने वाले हैं. साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए बाबरी मस्जिद वाली जमीन हिंदू पक्ष को सौंप दी, जिसके बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ था. जनवरी 2024 में मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद, यह अखिलेश यादव की पहली यात्रा होगी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अखिलेश का स्वागत है, लेकिन उन्हें पहले भगवान राम के भक्तों से माफी मांगनी चाहिए. उनका इशारा 1990 की उस घटना की ओर था, जब उस जगह पर जाने की कोशिश कर रहे हिंदुओं के एक समूह पर गोली चलाई गई थी. उस वक्त अखिलेश के पिता मुलायम सिंह यादव सूबे के मुख्यमंत्री थे.
'जहां मस्जिदें और मदरसे गिरा दिए गए...'
ओवैसी ने संभल, बहराइच, बाराबंकी जैसी अन्य जगहों की घटनाओं का हवाला देते हुए मदरसों, मस्जिदों और धार्मिक स्थलों के खिलाफ कार्रवाई की आलोचना की.
AIMIM चीफ ने सवाल उठात हुए कहा कि क्या अखिलेश यादव उन जगहों पर गए हैं, जहां मस्जिदें और मदरसे गिरा दिए गए. उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक नारे पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं. असल में पीडीए का मतलब 'पलट दिया अखिलेश' है, जिसका अर्थ है कि 'अखिलेश की सत्ता पलट दी जाएगी.'
ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधने के लिए 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा, "जब वे मुख्यमंत्री थे, तो 2013 में मुजफ्फरनगर में नरसंहार हुआ था. 50 हजार लोगों को बेघर कर दिया गया था." ओवैसी ने यह बात पश्चिमी यूपी के मुख्य इलाके में कही. उन्होंने कहा कि 47 मुस्लिम विधायक होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने कुछ नहीं किया, जबकि अखिलेश यादव सैफई में नाच-गाना देख रहे थे. ओवैसी ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही राहत शिविरों को ढहा दिया था.
असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस को मेरठ में 1987 में हुई हत्याओं की याद दिलाई. रैली में मौजूद लोगों से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा, "22 मई 1987 को इसी मेरठ में हाशिमपुरा में 42 मुसलमानों का कत्ल-ए-आम किया गया था. उस वक्त कांग्रेस की सरकार थी. अपने दादाओं से पूछिए."
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या अखिलेश यादव का नाम लिए बिना, ओवैसी ने कहा कि 'मूंछ और दाढ़ी वालों' का गठबंधन 'साफ सिर और बिना दाढ़ी वालों' को नुकसान पहुंचाएगा.
यूपी के पिछले विधानसभा चुनावों में ओवैसी और आजाद की पार्टियों को कोई सीट नहीं मिली थी.
'हमारे दिल मिल गए...'
ओवैसी ने आगे कहा, "हम अब किसी सियासी दल के सामने अपना सिर नहीं झुकाएंगे, न ही किसी के सामने भीख मांगेंगे और न ही अब किसी के लिए कालीन बिछाएंगे." गौर करने वाली बात है कि ओवैसी ने नगीना के सांसद चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है. ओवैसी ने कहा कि मैंने सिर्फ हाथ नहीं मिलाया है, हमारे दिल मिल गए हैं.
एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए, असदुद्दीन ओवैसी ने दावा किया कि देश भर में दर्ज की गईं करीब 670 हेट स्पीच में से करीब 75 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में दी गई हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस एनकाउंटर का सबसे ज्यादा शिकार मुसलमान हुए हैं. उन्होंने विकास दुबे, सुमित गुर्जर और पुष्पेंद्र यादव जैसे गैंग लीडरों (जो हिंदू थे) के मारे जाने का भी जिक्र किया, जिससे यह दिखाया जा सके कि उनकी पार्टी हर एनकाउंटर का विरोध करती है. ओवैसी ने कहा, "बंदूक का राज नहीं कानून का राज चलेगा. खाकी वर्दी वालों को जवाबदेह ठहराया जाएगा."
ओवैसी ने याद दिलाया कि ब्रिटिश शासन के खिलाफ 1857 का विद्रोह मेरठ से शुरू हुआ था और रमजान के महीने में लड़ा गया था. अगले साल होने वाला मतदान भी इसी पवित्र महीने में पड़ सकता है.
असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने पिछले दिनों लखनऊ में गठबंधन का ऐलान किया और कहा कि हम सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. साल 2022 में AIMIM ने 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन उसे एक भी सीट नहीं मिली, वहीं ASP ने करीब 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली थी.
यह भी पढ़ें | भारत की अंडर-19 टीम ने पाकिस्तान को हराया तो ओवैसी बोले- 'बच्चों से तो जीत नहीं सकते'
यह भी पढ़ें | ओवैसी ने फूंका 2027 का चुनावी बिगुल, अखिलेश पर बरसे, फिर बोले- चंद्रशेखर को बनाना है CM
यह भी पढ़ें | अखिलेश के अयोध्या प्लान पर भड़के ओवैसी-उतरता जा रहा है रुख से नकाब आहिस्ता आहिस्ता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं