- दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर से नीचे गिरने से एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई
- मृतक राजकुमार झारखंड के गोड्डा रहने वाला था और Zomato में डिलीवरी का काम करता था
- दुर्घटना स्थल पर एक स्कूटी और एक लाल रंग की मारुति स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली
बाहरी दिल्ली के डाबरी फ्लाईओवर पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में 25 साल के डिलीवरी बॉय की मौत हो गई. मृतक की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जो Zomato में काम रता था. पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 7:35 बजे पीसीआर कॉल मिली कि एक व्यक्ति फ्लाईओवर से गिर गया है. सूचना मिलते ही थाना जनकपुरी पुलिस मौके पर पहुंची. घटनास्थल पर एक स्कूटी और एक मारुति स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली.

कार की टक्कर में डिलीवरी बॉय की मौत
जांच में पता चला कि स्कूटी सवार राजकुमार (निवासी गोड्डा, झारखंड) हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे में शामिल मारुति स्विफ्ट कार का चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
लाल रंग की स्विफ्ट कार आगे से खत्म
हादसे की भयावहता का अंदाजा उसके वीडियो को देखकर लगाया जा सकता है. जिसमें एक लाल रंग की स्विफ्ट कार का आगे का हिस्से पूरी तरह से खत्म दिखाई दे रहा है. वहीं एक स्कूटी उनके नीचे दबी पड़ी है. इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया. वहीं स्कूटी सवार डिलीवरी बॉय की मौत हो गई. अगर उसे समय पर अस्पताल ले जाया जाता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं