दिल्ली में पिछले 24 घण्टे में कोरोना के 3827 नए मामले सामने आए हैं. राजधानी में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 2,64,450 हो गई है. पिछले 24 घण्टे में 24 मरीजों की मौत हुई है और अब तक कुल 5147 लोगों ने जान गंवाई है. पिछले 24 घण्टे में 4061 लोग ठीक हुए और अब तक कुल 2,28,436 लोग कोरोना को हरा चुके हैं.
साथ ही साथ बीते 24 घण्टे में 59,134 टेस्ट किए गए जिसमें RT-PCR- 11,797 और एंटीजन- 47,337 टेस्ट किए गए. दिल्ली में अब तक कुल 28,15,650 टेस्ट हुए हैं. राजधानी में संक्रमण दर 6.47 फीसदी है. इसके अलावा रिकवरी रेट- 86.38 फीसदी,सक्रिय मरीज़ों की दर 11.67 फीसदी,कोरोना डेथ रेट- 1.95 फीसदी है.
यह भी पढ़ें: कोरोना संक्रमित दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दी गई प्लाज़्मा थेरैपी..
दिल्ली में अभी सक्रिय मरीजों की संख्या 30,867 है. होम आइसोलेशन में 18,096 मरीज हैं. साथ ही साथ कंटेंमेंट जोन की संख्या- 2124 है.
बता दें कि कोविड-19 और डेंगू के दोहरे संक्रमण से जूझ रहे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की हालत अब बेहतर है. उनके कार्यालय के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
सिसोदिया का इलाज मैक्स अस्पताल, साकेत में चल रहा है. सिसोदिया को यहां बृहस्पतिवार शाम को दिल्ली सरकार द्वारा संचालित एलएनजेपी अस्पताल से उनके "ब्लड प्लेटलेट्स" घटने और ऑक्सीजन की मात्रा कम होने के कारण ले जाया गया था.
वह दक्षिणी दिल्ली के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं. उप मुख्यमंत्री के कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी स्थिति अब बेहतर है.'' सिसोदिया को 14 सितंबर को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया था और वह गृह-पृथकवास में थे.
उन्हें इलाज के लिए बुधवार को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया और एक दिन बाद उन्हें डेंगू से भी पीड़ित पाया गया. वह शायद शहर के पहले प्रमुख व्यक्ति हैं जो कोविड-19 और डेंगू दोनों संक्रमण की चपेट में आए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं