- उत्तम नगर में पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी ने घरेलू सामान बिहार भेजने का वादा किया था लेकिन सामान नहीं पहुंचा.
- पीड़ित ने 26 मार्च को सामान भेजने के लिए कंपनी की सेवाएं ली थीं, पर कई महीने बाद भी डिलीवरी नहीं हुई.
- कंपनी ने गोरखपुर पहुंचने की जानकारी दी, लेकिन जब डिलीवरी के बारे में पूछा गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में घरेलू सामान की शिफ्टिंग के दौरान कथित ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी ने सामान बिहार भेजने का दावा किया, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी सामान नहीं पहुंचा. पीड़ित की शिकायत पर बिंदापुर थाने में मामला दर्ज कराया गया है.
पीड़ित शुभम कुमार झा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह उत्तम नगर के मानस राम पार्क इलाके में रहते हैं. उन्होंने 26 मार्च 2026 को अपने घरेलू सामान को दिल्ली से बिहार के मधुबनी स्थित घर भेजने के लिए सुशील शर्मा रोडलाइन पैकर्स एंड मूवर्स की सेवाएं ली थीं. कंपनी ने सामान की बुकिंग कर ली और परिवहन का भरोसा भी दिया, लेकिन आज तक सामान उनके घर नहीं पहुंचा.
शिकायत के अनुसार, सामान नहीं मिलने पर जब उन्होंने कंपनी के दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उन्हें लगातार अलग-अलग और भ्रामक जानकारियां दी जाती रहीं. शुरुआत में बताया गया कि सामान गोरखपुर पहुंच चुका है, लेकिन जब डिलीवरी से जुड़ी जानकारी मांगी गई तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
पीड़ित का आरोप है कि बाद में कंपनी की ओर से बताया गया कि सामान अभी भी दिल्ली में ही कहीं रखा हुआ है. इसके बाद उन्हें एक अन्य नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया. जब उन्होंने उस नंबर पर फोन किया तो दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने कथित तौर पर धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया और दोबारा फोन नहीं करने की चेतावनी दी.
पीड़ित ने पुलिस से सामान बरामद कराने, भुगतान की गई रकम वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पीड़ित का कहना है कि उनके साथ ठगी हुई है. फिलहाल बिंदापुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें : CEC के खिलाफ AAP का मार्च... सौरभ भारद्वाज को उल्टा टांगकर ले गई दिल्ली पुलिस, भड़के केजरीवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं