- सीने में दर्द के बहाने डॉक्टर को महिला ने बुलाया था घर
- डॉक्टर को ब्लैकमल कर मांगे 10 लाख रुपये
- पुलिस ने आरोपियों को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
कोलकाता (Kolkata) में पुलिस ने एक डॉक्टर (Doctor) को ब्लैकमेल (Blackmail) करने के आरोप में एक महिला समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, कोलकाता में काम कर रहे कश्मीरी डॉक्टर को एक महिला ने सीने में दर्द बताते हुए इलाज के लिए अपने घर बुलाया. यह महिला कोलकाता के दमदम में रहती है. पुलिस के मुताबिक, ''महिला ने शुक्रवार को डॉक्टर को फोन किया और कहा कि उसके सीने में बहुत दर्द हो रहा है और इलाज के लिए उसे अपने घर बुला लिया''.
यह भी पढ़ें: स्पा, सैलून, ब्यूटी पॉर्लर के नाम पर चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस ने 30 को पकड़ा
पुलिस ने बताया, ''महिला के घर पहुंचने के बाद, डॉक्टर उसकी पुरानी रिपोर्ट्स और दवाइयां देखने लगा और तभी अचानक उसने डॉक्टर को गले लगा लिया. इसके तुरंत बाद ही 3 लोग पुलिस की वर्दी में कमरे के अंदर आ गए और डॉक्टर से जबरदस्ती सारे कपड़े उतारने के लिए कहा. इसके बाद उन्होंने डॉक्टर के साथ महिला की कुछ तस्वीरें खींच ली''.
पुलिस ने कहा, ''इसके बाद आरोपियों ने डॉक्टर को धमकी दी कि वह उन्हें 10 लाख रुपये दे और नहीं तो फिर वो उसकी तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर कर देंगे. इसके बाद पीड़ित डॉक्टर ने उन लोगों से कहा कि वो उसके घर चलें क्योंकि उसके पास अभी उन्हें देने के लिए इतने रुपये नहीं हैं''.
इसके बाद 3 में से 2 लोग डॉक्टर के साथ उसेक घर गए. अपने घर पहुंचने के बाद डॉक्टर ने 5,15,000 और अपनी पत्नी के गहने जिनकी कीमत लगभग 5 लाख थी, दोनों आरोपियों को दे दिए. साथ ही उसने आरोपियों की नजरों से बचते हुए पुलिस को भी घटना की सूचना देते हुए उन्हें बुला लिया. पुलिस के सही वक्त पर पहुंच जाने से उन्होंने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने कहा, इसके बाद महिला और अन्य आरोपी ने भी शहर की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने आगे बताया, ''आरोपी के घर से पुलिस की एक वर्दी भी बरामद की गई है. फिलहाल सभी चार आरोपियों को बेल दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है''.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं