विज्ञापन
This Article is From Apr 04, 2017

कैमरे में कैद : हरियाणा में दो महिला कर्मचारियों ने बैंक लूटने आए बदमाशों के इस तरह छुड़ाए छक्के

  • गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में स्थित SBI की मनी ट्रांसफर शाखा की घटना
  • बैंक के दो महिला कर्मचारी निहत्थे ही भिड़ गईं बदमाशों से
  • पुलिस दोनों महिलाओं को करेगी सम्मानित
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में दो महिला बैंक कर्मचारियों की बहादुरी के किस्से इन दिनों चर्चा में हैं. इन महिलाओं ने दो हथियारबंद बदमाशों के छक्के छुड़ाते हुए बैंक लूट की एक बड़ी कोशिश को विफल कर दिया.

45 साल की विमला देवी और 28 साल की पूनम गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की मनी ट्रांसफर शाखा में काम करती हैं. सोमवार को हथियारों से लैस दो बदमाश बैंक में घुस आए और बैंक लूटने की कोशिश की. लेकिन ये दोनों महिला कर्मचारियों उन बदमाशों से निहत्थे ही भिड़ गईं और उन्हें दबोच लिया.

पुलिस ने मंगलवार को इस घटना का सीसीटीवी फुटेज जारी किया, जिसमें साफ दिख रहा है कि महिलाओं ने किस दिलेरी से उन बदमाशों का सामना किया. ये बदमाश सोमवार दोपहर बाद बैंक में घुसे और अपने बैग से पिस्तौल निकाल लिया. बैंक में तभी ये दो महिला कर्मचारी ही थीं.
 
gurgaon robbery sbi
दोनों महिला कर्मचारियों ने बदमाशों की पिस्तौलें छीनकर खतरे का अलार्म बजा दिया

बदमाशों ने विमला और पूनम को निशाने पर लेने की कोशिश की. लेकिन ये दोनों सरेंडर करने की बजाय तुरंत ही बदमाशों पर झपट पड़ीं और उनकी पिस्तौलें छीनकर खतरे का अलार्म बजा दिया. इसके बाद आसपास के लोग वहां पहुंच गए और बदमाशों को दबोच लिया. पुलिस कमिश्नर संदीप खिरवाड़ ने कहा है कि दोनों महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा और उन्हें पुरस्कार भी दिए जाएंगे.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bank Loot, Gurgaon Bank Robbery, Women Averted Loot, Gurgaon SBI
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com