टी-20 लीग SA20 ऑक्शन 2026 में बड़े-बड़े नामों पर बोली लगी, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा 18 साल के जेसन रॉल्स ने बटोरी. दक्षिण अफ्रीका के इस युवा ऑलराउंडर को जॉबर्ग सुपर किंग्स ने 29 लाख रैंड (करीब 1.68 करोड़ रुपये) में खरीदा, जो फाफ डु प्लेसिस, ट्रेंट बोल्ट और कीरोन पोलार्ड जैसे अंतरराष्ट्रीय स्टार की कीमत से भी ज्यादा है. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर जेसन रॉल्स हैं कौन, जिन पर फ्रेंचाइजी ने इतना बड़ा दांव खेला?
दरअसल, दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में 14 अप्रैल 2008 को जन्मे जेसन रॉल्स बाएं हाथ के बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं. वह दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं और ऑलराउंडर की भूमिका निभाते हैं. रॉल्स ने अभी तक बहुत ज्यादा प्रोफेशनल क्रिकेट नहीं खेली है, लेकिन कम समय में अपनी प्रतिभा से चयनकर्ताओं और फ्रेंचाइजी मालिकों को प्रभावित किया है.
जेसन रॉल्स का क्रिकेट करियर
उन्होंने पांच लिस्ट-ए मैचों में 109 रन बनाए हैं, जिसमें एक फिफ्टी भी शामिल है. वहीं एकमात्र टी20 मुकाबले में उन्होंने 31 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए थे. गेंदबाजी में भी रॉल्स उपयोगी विकल्प साबित हुए हैं. लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 3 विकेट हैं, जबकि टी20 में खेले गए अपने एकमात्र मैच में उन्होंने एक विकेट हासिल किया था.
SA20 ऑक्शन में जॉबर्ग सुपर किंग्स ने रॉल्स पर 29 लाख रैंड (करीब 1.68 करोड़ रुपये) खर्च किए. दिलचस्प बात यह रही कि उनकी कीमत फ्रेंचाइजी के स्टार फाफ डु प्लेसिस (27 लाख रैंड), ट्रेंट बोल्ट (15 लाख रैंड) और कीरोन पोलार्ड (15 लाख रैंड) से भी अधिक रही. युवा खिलाड़ी, ऑलराउंड क्षमता और भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए जेसन रॉल्स को SA20 ऑक्शन 2026 का सबसे बड़ा सरप्राइज पैकेज माना जा रहा है. अब सभी की निगाहें इस बात पर होंगी कि वह मिली बड़ी कीमत को मैदान पर प्रदर्शन में कैसे बदलते हैं.
SA20 ऑक्शन 2026: तीन बड़े खिलाड़ी
- सबसे महंगे खिलाड़ी: जेसन रॉल्स (करीब 1.68 करोड़ रुपए)
- दूसरे सबसे महंगे: फाफ डु प्लेसिस (करीब 1.30 करोड़ रुपए)
- तीसरे सबसे महंगे: वियान मुल्डर (करीब 1.25 करोड़ रुपए)
SA20 ऑक्शन 2026: बिके बड़े खिलाड़ी
- जेसन रॉल्स (जॉबर्ग सुपर किंग्स) - R2.9 मिलियन (करीब 1.39 करोड़ रुपए)
- फाफ डु प्लेसिस (जॉबर्ग सुपर किंग्स) - R2.7 मिलियन (करीब 1.30 करोड़ रुपए)
- वियान मुल्डर (एमआई केप टाउन) - R2.6 मिलियन (करीब 1.25 करोड़ रुपए)
- शिमरॉन हेटमायर (एमआई केप टाउन) - R1.5 मिलियन (करीब 72 लाख रुपए)
- ट्रेंट बोल्ट (एमआई केप टाउन) - R1.5 मिलियन (करीब 72 लाख रुपए)
- कीरोन पोलार्ड (जॉबर्ग सुपर किंग्स) - R1.5 मिलियन (करीब 72 लाख रुपए)
- क्रेग ओवरटन (सनराइजर्स ईस्टर्न केप) - R1.5 मिलियन (करीब 72 लाख रुपए)
- नांद्रे बर्गर (सनराइजर्स ईस्टर्न केप) - R5 लाख रैंड (करीब 24 लाख रुपए)
- डाययान गैलीम (जॉबर्ग सुपर किंग्स) - R3.75 लाख रैंड (करीब 18 लाख रुपए)
ये भी पढ़ें- RCB ने किया था बाहर, अब इस टीम में लौटे तेज गेंदबाज यश दयाल, अभिषेक पोरेल की भी वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं