विज्ञापन

'उसे तीनों फॉर्मेट नहीं खेलने चाहिए...' बुमराह के वर्कलोड पर रवि शास्त्री की चेतावनी

अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए जसप्रीत बुमराह भारत के लिए अहम हथियार होंगे ऐसे में पूर्व भारतीय कोच ने गौतम गंभीर एंड कंपनी को अहम सलाह दी है.

'उसे तीनों फॉर्मेट नहीं खेलने चाहिए...' बुमराह के वर्कलोड पर रवि शास्त्री की चेतावनी
जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड पर रवि शास्त्री का बड़ा बयान

न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज के लिए भुवनेश्वर कुमार को भारतीय स्क्वाड में शामिल किया गया है और रवि शास्त्री ने इसका समर्थन किया है. पूर्व हेड कोच ने इसके साथ ही वनडे और टेस्ट टीम में मोहम्मद शमी की वापसी वकालत की है. भारत 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड दौरे की शुरुआत करेगा. छह सप्ताह के इस दौरे पर, टीम इंडिया पांच टी20, पांच वनडे और दो टेस्ट खेलेगी. टीम एक व्यस्त और चुनौतीपूर्ण कार्यक्रम के लिए तैयारी कर रही है, ऐसे में शास्त्री का मानना ​​है कि मुश्किल परिस्थितियों में अनुभवी खिलाड़ी अहम भूमिका निभा सकते हैं. साथ ही अगले साल वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन होना है और बुमराह भारत का अहम हथियार होंगे. इसको देखते हुए रवि शास्त्री का मानना है कि बुमराह को मुख्य रूप से टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए, जबकि वनडे और टी20 मैचों में उन्हें कभी-कभार ही खेलना चाहिए. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि न्यूजीलैंड में भारत की दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए इस तेज गेंदबाज का उपलब्ध रहना बहुत जरूरी है.

'भुवनेश्वर जैसा कोई नहीं'

रवि शास्त्री ने न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में भुवी का समथर्न करते हुए कहा टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए कहा,"अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता. जब आपके पास भुवनेश्वर जैसा बेहतरीन और अनुभवी गेंदबाज हो, तो इसमें सोचने वाली कोई बात ही नहीं है. आईपीएल में उनके शानदार प्रदर्शन और भारत के लिए उनके लंबे अनुभव को देखते हुए, वे न्यूजीलैंड की परिस्थितियों के लिए एकदम सही रहेंगे." शास्त्री ने शमी की वापसी के पक्ष में भी पूरी मजबूती से अपनी बात रखी. उन्होंने कहा,"उन्होंने लाल और सफेद, दोनों तरह की गेंदों से इतना अच्छा प्रदर्शन किया है कि उन्हें टेस्ट और वनडे टीम में वापस बुलाया जाना चाहिए." 

'बुमराह को नहीं खेलने चाहिए तीनों फॉर्मेट'

अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी की वकालत करते हुए, शास्त्री ने इस बात पर जोर दिया कि 2027 के वनडे विश्व कप की तैयारी के दौरान भारत को जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड (काम के बोझ) को बहुत सावधानी से मैनेज करना होगा. उन्होंने कहा,"मुझे नहीं लगता कि विश्व कप तक उन्हें तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहिए. उन्हें मुख्य रूप से टेस्ट क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए और वनडे तथा T20 में कभी-कभार ही खेलना चाहिए. मैं चाहूंगा कि उन्हें न्यूजीलैंड में होने वाले दो टेस्ट मैचों के लिए बचाकर रखा जाए, जहां उनकी भूमिका बहुत अहम होगी."

शास्त्री का मानना ​​है कि न्यूजीलैंड का छह सप्ताह का यह दौरा भारतीय क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण पैमाना साबित हो सकता है, खासकर इसलिए क्योंकि 2027 का वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में खेला जाना है. रवि शास्त्री ने आगे कहा,"यह पूरा दौरा बहुत अहम है. इससे एक साफ संकेत मिलेगा कि भारतीय क्रिकेट किस दिशा में आगे बढ़ रहा है. वहां के हालात कुछ हद तक उन परिस्थितियों जैसे हो सकते हैं, जिनका सामना भारत को दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के दौरान करना पड़ सकता है."

भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं. शास्त्री ने इसको लेकर कहा,"भारत के लिए फाइनल में जगह बनाना एक कठिन काम है. उन्हें शायद अपने बचे हुए मैचों में से लगभग 90 प्रतिशत मैच जीतने होंगे, जिसमें न्यूजीलैंड के दोनों टेस्ट और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच में से कम से कम चार मैच शामिल हैं. यह नामुमकिन नहीं है, लेकिन बहुत कुछ अन्य मैचों के नतीजों पर भी निर्भर करेगा."

यह भी पढ़ें: विराट कोहली का 'महंगा' रेस्टोरेंट! ₹15 लाख किराया, करोड़ों का सेटअप, देशभर में इतने आउटलेट, ऑल डिटेल

यह भी पढ़ें: कौन हैं चिन्मय सुतार? रणजी ट्रॉफी में ठोके 400 रन, पिता सचिन तेंदुलकर के साथ कर चुके हैं ओपनिंग

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jasprit Jasbirsingh Bumrah, Ravi Shastri, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com