सहायक कोच सितांशु कोटक ने सोमवार को बताया कि सफेद गेंद क्रिकेट के तेज गेंदबाज आकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद न्यूजीलैंड में ही रूकेंगे. तीनों गेंदबाज 19 नवंबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली महत्वपूर्ण वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज के लिए भारतीय टेस्ट टीम की तैयारियों में मदद करेंगे. ये तीनों खिलाड़ी अभी उस टीम का हिस्सा हैं जो 'ब्लैक कैप्स'के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है. इस सीरीज का तीसरा मैच मंगलवार को यहीं खेला जाएगा.
सोमवार को मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने कहा,"मुझे लगता है कि तीन गेंदबाज यहीं रुकने वाले हैं. गुरनूर, शायद नबी, और मुझे लगता है कि अर्श (अर्शदीप) भी यहीं रुकेंगे." सौराष्ट्र के पूर्व बल्लेबाज कोटक ने यह भी बताया कि टेस्ट विशेषज्ञ खिलाड़ी 11 नवंबर से अपनी तैयारी शुरू करेंगे. कप्तान शुभमन गिल, सीनियर ओपनर केएल राहुल, बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज मंगलवार को तीसरा वनडे खत्म होने के बाद वेलिंगटन के लिए रवाना हो जाएंगे.
उन्होंने कहा,"कुल मिलाकर, मुझे लगता है कि हमारी तैयारी बहुत अच्छी रही है. इसके अलावा, टेस्ट खिलाड़ी 11 तारीख से एक कैंप में हिस्सा लेंगे, जहां हमें पांच या छह सेशन मिल जाएंगे. उम्मीद है कि हम टेस्ट सीरीज के लिए भी पूरी तरह तैयार हो जाएंगे."
कोचिंग टीम भी दो हिस्सों में बंट जाएगी. हेड कोच गौतम गंभीर चौथे और पांचवें वनडे के लिए यहीं रुकेंगे, जो 13 और 15 नवंबर को तौरंगा के माउंट मौनगानुई में खेले जाएंगे. कोटक ने कहा,"जहां तक मैं समझता हूं, आने वाले वर्ल्ड कप को देखते हुए गौतम को यहीं रहना होगा. इसलिए, वह यहीं रुकेंगे. शायद साईराज (बहुतुले) भी यहीं रुकेंगे." "मोर्ने (मोर्केल) और स्टाफ के कुछ अन्य सदस्य वेलिंगटन जाएंगे. अभी की योजना यही है, लेकिन जैसा कि मैंने कहा, अंतिम फैसला गौतम का होगा. इसलिए, चीजें बदल भी सकती हैं."
कोटक ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची की इस बात से सहमति जताई कि ऑकलैंड के ईडन पार्क और वेलिंगटन के एचएनआरवाई स्टेडियम की चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलने से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को टेस्ट मुकाबलों की बेहतर तैयारी करने में मदद मिली है. उन्होंने कहा,"पीछे मुड़कर देखें तो यह अच्छी बात है क्योंकि टेस्ट मुकाबलों में भी इसी तरह की परिस्थितियां मिल सकती हैं. फर्क सिर्फ इतना होगा कि गेंद लाल होगी. वनडे क्रिकेट में खेलने का इरादा और मानसिकता अलग होगी लेकिन इन परिस्थितियों से हमें अंदाजा मिल जाता है कि टेस्ट सीरीज में क्या उम्मीद की जा सकती है."
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बेसिन रिजर्व की पिच पर करीब 12 से 14 मिलीमीटर घास छोड़े जाने की उम्मीद है जो इस क्षेत्र में सामान्य बात है. कोटक ने कहा,"यहां की पिचों पर करीब 12 से 14 मिलीमीटर घास होती है और परिस्थितियों से हमें अंदाजा मिलता है कि टेस्ट क्रिकेट में कैसी चुनौती मिल सकती है. टेस्ट मैच की पिचों पर भले ही इससे अधिक घास हो लेकिन ये खेलने के लिए अच्छी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां हैं."
कोटक का यह भी मानना है कि भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन अनौपचारिक टेस्ट मैच की शृंखला से टेस्ट विशेषज्ञ खिलाड़ियों को यहां की पिचों को समझने और पांच दिवसीय मुकाबलों में मिलने वाली परिस्थितियों का अंदाजा लगाने में मदद मिली है. यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने भारत ए की शृंखला में हिस्सा लिया.
यह भी पढ़ें: दीपावली पर अभिषेक शर्मा ने टीचर को दिया खास सरप्राइज, चेहरे की मुस्कान ने छू लिया दिल
यह भी पढ़ें: पीटी उषा को बड़ा झटका, SOM चुनाव में मिली हार, IOA को मिलेगा नया अध्यक्ष?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं