विज्ञापन

'अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे...' टॉम मूडी ने दिए संकेत ऋषभ पंत से छिन सकती है LSG की कप्तानी

Rishabh Pant captaincy under threat: लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 सीजन से पहले हुई खिलाड़ियों की नीलामी में ऋषभ पंत को 27 करोड़ में खरीदा था. लेकिन पंत ने बल्ले और कप्तानी दोनों में निराश किया है.

'अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे...' टॉम मूडी ने दिए संकेत ऋषभ पंत से छिन सकती है LSG की कप्तानी
Rishabh Pant captaincy under threat

Tom Moody Hint Rishabh Pant captaincy under threat: पिछले दो सत्र में अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाने के कारण ऋषभ पंत से लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छिन सकती है क्योंकि उसके क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने स्वीकार किया है कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज दबाव को झेलने में असफल रहा है. लखनऊ 2025 में सातवें स्थान पर रही थी जबकि इस सत्र में उसका प्रदर्शन पिछले साल से भी खराब रहा. पंत की कप्तानी में फ्रेंचाइजी ने दो सत्र में 28 मैचों में केवल 10 में जीत हासिल कीं.

मूडी ने शनिवार को पंजाब किंग्स से सात विकेट से मिली हार के बाद पत्रकारों से कहा,"अगर कप्तानी की बात करें तो निश्चित तौर पर उन्हें यह चुनौतीपूर्ण लगी है और परिणाम इसे दर्शाते हैं." उन्होंने कहा,"हमें इस पर विचार करना होगा कि इस दबाव का बल्लेबाजी में उनके प्रदर्शन पर भी तो असर नहीं पड़ रहा है. मैं जानता हूं कि यह सत्र हमारे लिए मुश्किल रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे. हम हर पहलू पर गौर करेंगे."

लखनऊ ने पंत को रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था, इसलिए उनके प्रदर्शन पर शुरू से ही नजर रखी जा रही थी. इस बीच वह रन बनाने के लिए संघर्ष करते रहे. भारत के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले पंत ने आईपीएल 2018 में शानदार प्रदर्शन किया. तब उन्होंने 173.60 के स्ट्राइक रेट से 684 रन बनाए. इसके बाद 2019 में उन्होंने 162.66 के स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए.

लखनऊ की तरफ से हालांकि पंत ने दो सत्र में 581 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 135.74 रहा, जो उनके करियर के 144.18 के स्ट्राइक रेट से कम है. हाल में पंत की जगह केएल राहुल को टेस्ट टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया. उन्हें वनडे टीम से भी बाहर कर दिया गया है. इसके बाद अब मूडी की यह टिप्पणी आई है.

उन्होंने कहा,"निश्चित रूप से हम अपनी अपेक्षाओं या मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं. जहां तक फ्रेंचाइजी के नेतृत्व की बात है तो यह निश्चित रूप से एक ऐसा मुद्दा है जिस पर हम भविष्य में गंभीरता से विचार करेंगे." मूडी ने कहा,"हम प्रत्येक सत्र में हर विभाग के प्रदर्शन पर गौर करते हैं और कुछ सोच-समझकर निर्णय लेते हैं, लेकिन निश्चित रूप से ऐसा लगता है कि हमें नए सिरे से शुरुआत करने पर विचार करने की जरूरत है."

उन्होंने कहा कि इस निराशाजनक प्रदर्शन के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है. मूडी ने कहा,"इस निराशाजनक सत्र के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं. मुझे नहीं लगता कि यह किसी व्यक्ति विशेष पर उंगली उठाने का समय है. हम सभी जवाबदेह हैं और अभी किसी विशेष विभाग पर दोष मढ़ने का समय नहीं है."

उन्होंने कहा,"हम सभी को इस पर शांतिपूर्वक विचार करने के लिए समय चाहिए, लेकिन कुछ चीजें ऐसी हैं जिन पर हमें ध्यान देने की जरूरत है और उन पर ध्यान दिया जाएगा." इस बीच पंजाब किंग्स के सहायक कोच ब्रैड हैडिन ने कहा,"हमारी टीम ने इस मैच में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया. आप चाहते हैं कि इस तरह के मैच में आपके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करें."

उन्होंने कहा,"ये वह मैच हैं जिन्हें आप खेलना चाहते हैं, जिनमें सब कुछ दांव पर लगा होता है. पिछले कुछ दिनों से कप्तान (इस मैच में शतक जड़ने वाले श्रेयस अय्यर) की आंखों में यही चमक थी. वह अपने प्रदर्शन से मैच का रुख बदलने और हमें फाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान देना चाहते हैं."

यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव के कौन होगा भारतीय T20I टीम का कप्तान? MI स्टार का नाम आया सामने- रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: IPL के इस पूरे सीजन में चुपचाप मौका मिलने का इंतजार करते रहे अर्जुन, आखिरी मैच में खेला तो सचिन हुए इमोशनल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com