इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में सोमवार को ब्रेक के दौरान दिग्गज इंग्लिश बल्लेबाज केविन पीटरसन ने तंज कसते हुए कहा कि केकेआर को यही चाहेगा कि बारिश होती रहे, लेकिन पंजाब किंग्स के लिए निराशाजनक खबर है. मैच में बारिश हुई, तो नियमित अंतराल पर होती ही रही और लंबे समय तक मैच शुरू हो ही नहीं सका. बहरहाल, मैच रेफरी ने हालात का मुआयना कर समय सीमा तय कर दिया है. और अगर घड़ी की सुई जैसे ही 11:15 छुएगी, तो यह मैच रद्द हो जाएगा. नियम के अनुसार पांच-पांच ओवर का मैच शुरू करने के लिए घरेलू मैदान ईडन गॉर्डन्स पर यह मुकाबला हर हाल में 11:14 बजे शुरू होना जरूरी है. और अगर इतने बचे मैच शुरू नहीं हुआ, तो फिर मैच को रद्द कर दिया जाएगा. मैच रद्द होने की सूरत में दोनों ही टीमों को एक-एक प्वाइंट मिलेगा.
केकेआर की खराब शुरुआत
पिछले दो मैच हारकर प्वाइंट्स टेबल में नीचे से दूसरे नंबर पर चल रही केकेआर की तीसरे मैच में भी शुरुआत अच्छी नहीं ही. टॉस जीतकर घरेलू मैदान पर पहले बैटिंग चुनने का फैसला केकेआर को बिल्कुल भी रास नहीं आया. और सिर्फ 3 गेंदों के भीतर उसने तूफानी फिन एलन और सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरून ग्रीन (4) के विकेट गंवा दिए. और देखते ही देखते 16 रन पर उसके 2 विकेट गिर गए. इसके बाद कुछ ही गेंदों का खेल हुआ, तो तेज बारिश आ गई. और ऐसी आई कि फिर खिलाड़ियों का मैदान में आना ही नहीं हुआ. जो निकलकर आया, वह आई समय सीमा, जिसके हिसाब से पांच-पांच ओवरों के मैच के लिए हर हाल में मैच 11:14 बजे शुरू होना अनिवार्य है.
...तो पंजाब को बहुत खलेगा यह प्वाइंट
जहां केकेआर के प्रशसंक अपनी टीम के हालात को देखते हुए दुआ कर रहे हैं कि बारिश आती रहे, तो वहीं पंजाब किंग्स के समर्थक बहुत ही उदास हैं. अपने दोनों शुरुआती मैच शानदार अंदाज में जीतकर टेबल में फिलहाल चौथे नंबर की टीम पंजाब के लिए मैच रद्द होना खासा आहत करने वाला होगा क्योंकि रद्द मैच से उसे एक अंक मिलने से बहुत ही ज्यादा निराशा होगी. खासकर ऐसी शानदार शुरुआत के बाद. वैसे जब इस तरह से कोई टीम एक अंक गंवाती है, तो अक्सर यह आखिरी में टीम विशेष के लिए खासी परेशानी का सबब बन जाता है. वजह यह है कि आखिरी दौर में कड़ा मुकाबला होता है. और बात यहां तक पहुंच जाती है कि प्ले-ऑफ की एक टीम बनने के लिए नेट रन-रेट भी गणित में आ जाता है. ऐसे में आप समझ सकते हैं कि एक प्वाइंट गंवाना किसी भी टीम को कितना नुकसान पहुंचा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं