अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी-20 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग 11 में शामिल नहीं किया गया जिसको लेकर अब पूर्व क्रिकेटरों ने गौतम गंभीर के फैसलों पर सवाल खड़े कर रहे हैं. भारत के विश्व विजेता पूर्व क्रिकेटर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने गौतम गंभीर पर निशाना साधा है और कहा है कि जिस तरह से 15 साल के खिलाड़ी के साथ बर्ताव किया जा रहा है वह बिल्कुल भी उसके करियर के लिए ठीक नहीं है. श्रीकांत ने ये भी कहा कि पहले मैच में वैभव के न खेलने से उनकी वाइफ भी काफी गुस्से में थी.
श्रीकांत ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, "कल, जब सूर्यवंशी नहीं खेले, तो हमने एक फिल्म देखना शुरू कर दिया. मेरी पत्नी चिल्ला रही थीं कि सूर्यवंशी क्यों नहीं खेले, और बहस कर रही थीं कि जो खिलाड़ी पिछले मैच में 'प्लेयर ऑफ द मैच' था, उसे क्यों नहीं खिलाया जा रहा. यहां तक कि मेरी पत्नी भी उन्हें टीम से बाहर रखने पर सवाल उठा रही हैं."
उन्होंने आगे कहा, "आप वैभव सूर्यवंशी के साथ सही बर्ताव नहीं कर रहे हैं, अब, अगर वह अगला मैच खेलते हैं, तो उन्हें यह चिंता होगी कि अगर उन्होंने रन नहीं बनाए तो उन्हें टीम से बाहर कर दिया जाएगा," उन्होंने कहा, "आप गलत संकेत दे रहे हैं और सभी खिलाड़ियों के मन में शक पैदा कर रहे हैं, सूर्यवंशी ने दलीप ट्रॉफ़ी, टी-20 इंटरनेशनल, इंडिया-A और आईपीएल,हर स्तर पर रन बनाए हैं, आपको उन्हें बढ़ावा देना चाहिए."
बता दें कि पहले टी-20 में वैभव के नहीं खेलने से संजू सैमसन को मौका मिला था. संजू पहले मैच में केवल 10 रन ही बना पाए थे. हालांकि पूर्व दिग्गज ने संजू की वकालत की और कहा, "यह टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन के साथ खिलवाड़ कर रहा है, मुझे सैमसन पर तरस आता है, या तो आप उन्हें लगातार खेलने का मौका दें और फिर बाहर करें, या फिर वैभव सूर्यवंशी को बिना बाहर किए लगातार कई मैच खेलने का मौका दें. भारत यही गलती कर रहा है कि दोनों को कभी-कभार दो-दो मैच मिल रहे हैं. यह खिलाड़ी के लिए अच्छा नहीं है."
ये भी पढ़ें- नीरज चोपड़ा टॉप-5 में, पथिरागे नंबर-3, वर्ल्ड चैंपियनशिप इतिहास में सबसे दूर भाला फेंकने वाले टॉप-10 जैवलिन थ्रोअर
ये भी पढ़ें- भारत-अफगानिस्तान दूसरा टी20 आज , फ्री में कैसे देखें LIVE मुकाबला?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं