IPL Auction 2023 : कोच्चि में आईपीएल 2023 के लिए नीलामी खत्म हो चुकी है और सैम कुरेन आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बने. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 की नीलामी में तीन सबसे महंगी खरीद के साथ नए रिकॉर्ड बने. इंग्लैंड के हरफनमौला सैम कुरेन को पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपये और मुंबई इंडियंस ने ऑस्ट्रेलिया के हरफनमौला कैमरून ग्रीन को 17.50 करोड़ रुपये में खरीदा. वहीं इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स को चेन्नई सुपर किंग्स ने 16.25 करोड़ रुपये में खरीदा. निकोलस पूरन को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 16 करोड़ रुपये की भारी बोली लगाकर खरीदा. उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाड़ी के लिए अब तक की सबसे बड़ी कीमत मिली.
दिन की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा हैरी ब्रूक को 13.25 करोड़ रुपये में खरीदने से हुई. SRH ने मयंक अग्रवाल को 8.25 करोड़ रुपये में खरीदा. सबसे हैरान करने वाले करोड़पतियों में शिवम मावी और मुकेश कुमार रहे. मावी को गुजरात टाइटंस ने 6 करोड़ रुपये में खरीदा जबकि मुकेश को दिल्ली कैपिटल्स ने 5.50 करोड़ रुपये में खरीदा. 40 साल के अमित मिश्रा को लखनऊ सुपरजायंट्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा.