IPL 2026 Points Table After Mumbai Indians vs Gujarat Titans Match: गुजरात टाइटंस को उसी के घर पर 99 रनों से रौंदकर मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 में जबरदस्त वापकी की है. लगातार चार हार के बाद मुंबई ने धमाकेदार अंदाज में जीत का स्वाद चखा. इस जीत से मुंबई को दो अहम अंक मिले, जबकि उसका नेट रन रेट भी काफी बेहतर हुआ. मुंबई इस जीत के बाद आखिरी स्थान से उठकर सीधे सातवें स्थान पर पहुंच गई. कोलकाता नाइट राइडर्स एक बार फिर आखिरी स्थान पर है. जबकि चेन्नई, जो मुंबई की जीत से पहले सातवें स्थान पर थी, वो अब 8वें पायदान पर खिसक गई है. मुंबई का नेट रन रेट इस मैच से पहले -1.076 का था, जो इस जीत के बाद +0.067 का हो गया है.
मुंबई पहुंची सातवें स्थान पर
मुंबई इंडियंस के अब 6 मैचों में 2 जीत और 4 बार के बाद 4 अंक हैं. मुंबई का रन रेट अब +0.067 का है. मुंबई ने सीजन का आगाज जीत के साथ किया था. उसने कोलकाता को 6 विकेट से मात दी थी. लेकिन फिर उसकी गाड़ी जीत की पटरी से उतर गई. इसके बाद उसे दिल्ली, राजस्थान, बेंगलुरु और पंजाब के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. वहीं रविवार को कोलकाता की राजस्थान के खिलाफ जीत के बाद मुंबई आखिरी स्थान पर पहुंच गई थी. वहीं गुजरात 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के बाद 6 अंकों के साथ छठे स्थान पर है.

मुंबई की नजरें कमबैक पर
ऐसा पहली बार नहीं है कि मुंबई ने लीग के इतिहास में लगातार हार के बाद वापसी की हो. जब सभी ने मुंबई के बाहर होने की कल्पना की थी, तब टीम ने कमबैक कर सबको चौंका दिया था. साल 2013 में मुंबई शुरुआती 6 में से 3 मैच हार गई थी, जबकि इसके बाद उसने अगले 13 में से 10 मैच जीते. मुंबई ने उस सीजन लीग का खिताब जीता था. 2014 सीजन में मुंबई शुरुआती 5 मैच हारी थी, इसके बाद उसने बचे 10 में से 7 मैच जीते. टीम एलिमिनेटर तक पहुंची थी. 2015 में टीम शुरुआती 6 में से 5 में हार गई थी. फिर उसने कमबैक किया और अगले 10 में से 9 मुकाबले अपने नाम किया. पिछले सीजन भी उन्होंने कुछ ऐसा ही कमाल किया था. मुंबई शुरुआती 5 में से 4 मैच हार गई थी, लेकिन अगले 11 में से उसने 8 मैच जीते.
यह भी पढ़ें: GT vs MI IPL 2026: तिलक वर्मा ने मचाया कोहराम, 45 गेंदों में सेंचुरी ठोक तोड़ा सूर्यकुमार यादव का मेगा रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: 'मुझे लगता है कि वह...' श्रेयस अय्यर ने वैभव सूर्यवंशी को बताया भविष्य का सुपरस्टार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं