विज्ञापन
This Article is From Nov 17, 2017

IND vs SL: बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल भी धुला, टीम इंडिया का स्‍कोर 5 विकेट पर 74 रन

बारिश भारत और श्रीलंका के बीच यहां चल रहे पहले टेस्‍ट मैच में 'विलेन' साबित हो रही है. बारिश के कारण ईडन गार्डंस पर दूसरे दिन का खेल भी समाप्‍त घोषित करना पड़ा है. बारिश के कारण पहले दो दिन में केवल 32.5 ओवर का खेल ही संभव हो सका.

IND vs SL:  बारिश के कारण दूसरे दिन का खेल भी धुला, टीम इंडिया का स्‍कोर 5 विकेट पर 74 रन
मैच में अब भारत की उम्‍मीदें बहुत कुछ चेतेश्‍वर पुजारा पर टिकी हैं (फाइल फोटो)
  • दूसरे दिन टीम इंडिया ने रहाणे और अश्विन के विकेट गंवाए
  • दो दिन में केवल 32.5 ओवर का खेल ही संभव हो सका
  • चेतेश्‍वर पुजारा 47 और साहा 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं
कोलकाता: बारिश भारत और श्रीलंका के बीच यहां चल रहे पहले टेस्‍ट मैच में 'विलेन' साबित हो रही है. बारिश के कारण ईडन गार्डंस पर दूसरे दिन का खेल भी समाप्‍त घोषित करना पड़ा है. बारिश के कारण पहले दो दिन में केवल 32.5 ओवर का खेल ही संभव हो सका. मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 11.5 ओवर में 17 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे. दूसरे दिन केवल भी केवल 21 ओवर का खेल संभव हो पाया. इस दौरान टीम इंडिया ने अजिंक्‍य रहाणे (4) और रविचंद्रन अश्विन (4) के विकेट गंवाए. दूसरे दिन का खेल समाप्‍त घोषित किए जाते समय टीम इंडिया का स्‍कोर 32.5 ओवर में पांच विकेट पर 74 रन था. चेतेश्‍वर पुजारा 47 रन और ऋद्धिमान साहा 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं. मौसम ने अब तक जिस तरह का मिजाज दिखाया है, उसके मद्देनजर मैच से कोई परिणाम निकलने की संभावना धूमिल होती जा रही है. श्रीलंका की ओर से पहले दिन तीनों विकेट तेज गेंदबाज सुरंगा लकमल ने लिए थे जबकि दूसरे दिन गिरे दोनों विकेट दासुन सनाका के खाते में गए.

स्‍कोरकार्ड यहां देखें

मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया ने तीन विकेट पर 17 रन से आगे खेलना प्रारंभ किया. पारी के 14वें ओवर में पुजारा ने दासुन शनाका को दो चौके लगाकर भारतीय टीम के स्‍कोर को आगे बढ़ाया. अगले ओवर में रहाणे ने लकमल की गेंद पर चौका लगाकर खाता खोला. हालांकि इस स्‍कोर में विश्‍वास की झलक नहीं थी. रहाणे ज्‍यादा देर नहीं टिके और केवल चार रन बनाने के बाद आउट हो गए. उनका कैच मध्‍यम गति के गेंदबाज दासुन शनाका की गेंद पर विकेटकीपर डिकवेला ने लपका. चार स्‍थापित बल्‍लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय टीम को सम्‍मानजनक स्थिति में पहुंचाने का सारा दबाव चेतेश्‍वर पुजारा पर आ गया था. भारतीय टीम का पांचवां विकेट रविचंद्रन अश्विन (4 रन, 29 गेंद) के रूप में गिरा, जिन्‍हें शनाका ने करुणारत्‍ने के हाथों कैच कराया. 50 के स्‍कोर पर पांच विकेट गिरने के कारण ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया के लिए 100 रन का आंकड़ा छूना भी मुश्किल होगा. नमी के कारण तेज गेंदबाजों को विकेट से काफी मदद मिल रही थी.

इससे पहले, मैच में पहले दिन बल्‍लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत निराशाजनक रही थी और पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) आउट हो गए थे. उन्‍हें सुरंगा लकमल की गेंद पर विकेटकीपर डिकेवला ने कैच किया. भारतीय टीम को जल्‍द ही शिखर धवन के रूप में दूसरा विकेट गंवाना पड़ा. धवन (8 रन, 11 गेंद, एक चौका) को लकमल ने बोल्‍ड किया.पारी के 11वें ओवर में कोहली (0 रन, 11 गेंद) को सुरंगा लकमल ने एलबीडब्‍ल्‍यू कर दिया. अम्‍पायर के निर्णय पर कोहली ने डीआरएस का भी सहारा लिया लेकिन फैसला उनके खिलाफ रहा.

विकेट पतन: 0-1 (राहुल, 0.1), 13-2 (धवन, 6.2), 17-3 (विराट, 10.1), 30-4 (रहाणे, 17.2), 50-5 (अश्विन, 25.6)

मैच में टीम इंडिया फिलहाल मुश्किल में फंसी नजर आ रही है. वैसे, तीन टेस्‍ट की सीरीज में टीम इंडिया को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. इस के पीछे कारण भी हैं. टीम इंडिया ने इस साल जुलाई-अगस्त में श्रीलंका को तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 3-0 के एकतरफा अंतर से हराया था. रिकॉर्ड भी भारतीय टीम के पक्ष में है. भारतीय टीम ने अब तक श्रीलंका से अपनी सरजमीं पर एक भी टेस्ट मैच नहीं गंवाया है. एक बार पहले भी भारत, श्रीलंका के खिलाफ स्वदेश में क्लीन स्वीप (1993-94 में) कर चुका है.  वैसे, भारत अगर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में श्रीलंका का सूपड़ा साफ करने में सफल रहता है तो उसकी घरेलू सरजमीं पर जीत की संख्या 100 पर पहुंच जाएगी और यह उपलब्धि हासिल करने वाला वह ऑस्ट्रेलिया (234) और इंग्लैंड (212) के बाद केवल तीसरा देश होगा. भारत ने अब तक अपनी सरजमीं पर 261 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें से 97 में उसे जीत और 52 में हार मिली है जबकि 111 मैच ड्रॉ और एक टाई रहा है. अभी स्वदेश में सर्वाधिक जीत के रिकॉर्ड के मामले में भारत चौथे स्थान पर है. दक्षिण अफ्रीका ने अपनी सरजमीं पर 98 जीत दर्ज की हैं लेकिन उसे दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक अपनी धरती पर कोई टेस्ट मैच नहीं खेलना है.

वीडियो: गावस्‍कर बोले, निडर गेंदबाज हैं कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल दोनों टीमें इस प्रकार हैं....

भारतीय टीम : विराट कोहली (कप्‍तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्‍वर पुजारा, अजिंक्‍य रहाणे, रविचंद्रन अश्विन, ऋद्धिमान साहा, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्‍वर कुमार, उमेश यादव और मो. शमी.

श्रीलंका टीम: दिनेश चंदीमल (कप्‍तान), दिमुथ करुणारत्‍ने, सदीरा समरविक्रमा, लाहिर तिरुमाने, एंजेलो मैथ्‍यूज, निराशन डिकवेला, दासुन शनाका, दिलरुवान परेरा, रंगना हेराथ, सुरंगा लकमल और लाहिरु गमागे.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs Sri Lanka, 1st Test, Live Cricket Score
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com