विज्ञापन
This Article is From Dec 21, 2018

Ind vs Aus: सौरव गांगुली की टीम इंडिया को सलाह, स्पिनर नाथन लियोन के खिलाफ अपनाएं 'यह' रणनीति...

पर्थ के दूसरे टेस्‍ट में ऑस्‍ट्रेलिया ने जीत हासिल करते हुए ऑस्‍ट्रेलिया टीम ने सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है और इस जीत में लियोन दोनों टीमों के बीच बड़ा फर्क साबित हुए थे.

Also Read in
Ind vs Aus: सौरव गांगुली की टीम इंडिया को सलाह, स्पिनर नाथन लियोन के खिलाफ अपनाएं 'यह' रणनीति...
सौरव गांगुली के अनुसार, नाथन लियोन के खिलाफ भारतीय बल्‍लेबाज जरूरत से अधिक सम्‍मान दिखा रहे (फाइल फोटो)
  • दोनों टेस्‍ट में नाथन लियोन ने की शानदार गेंदबाजी
  • सौरव बोले, उनके खिलाफ ज्‍यादा सम्‍मान न दिखाएं
  • ऑफ स्‍टंप के बाहर की उनकी गेंदों पर आक्रामक शॉट खेलें

ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ (India vs Australia) चार टेस्‍ट मैच की सीरीज (Test Series) के पहले हर किसी का अनुमान था कि मिचेल स्‍टॉर्क की अगुवाई वाली तेज गेंदबाज तिकड़ी, भारतीय बल्‍लेबाजी की कठिन परीक्षा ले सकती है. यह अनुमान लगाए जाने के पीछे पर्याप्‍त कारण भी थे. ऑस्‍ट्रेलिया के पास मिचेल स्‍टॉर्क, जोश हेजलवुड और पैट कमिंस के रूप में तेज गेंदबाजों की बेहतरीन तिकड़ी है और भरपूर उछाल और मूवमेंट के कारण विदेशी मैदानों पर (एशिया के बाहर) तेज गेंदबाजों का सामना करना भारतीय बल्‍लेबाजों के लिए हमेशा मुश्किल साबित होता रहा है. हालांकि यह अनुमान पूरी तरह गलत साबित हुआ और अब तक के दोनों टेस्‍ट मैचों में भारतीय बल्‍लेबाजों के लिए ऑफ स्पिनर नाथम लियोन (Nathan Lyon) परेशानी का कारण बने हैं. पर्थ के दूसरे टेस्‍ट में जीत हासिल करते हुए ऑस्‍ट्रेलिया टीम ने सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है और इस जीत में लियोन दोनों टीमों के बीच बड़ा फर्क साबित हुए थे. एडिलेड ओवल में हुए पहले टेस्‍ट में भी नाथन लियोन ने शानदार प्रदर्शन किया था. भारतीय टीम ने इस टेस्‍ट में 31 रन से जीत हासिल कर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की थी लेकिन ऑस्‍ट्रेलिया ने पर्थ में जीत हासिल करते हुए मामला बराबर कर दिया.

सौरव गांगुली बोले, भारत के पास ऑस्‍ट्रेलिया को हराने का मौका लेकिन साथ में दी यह चेतावनी...

भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) का मानना है कि भारतीय बल्‍लेबाज, नाथन लियोन (Nathan Lyon) की गेंदबाजी के प्रति जरूरत से अधिक सम्‍मान दर्शा रहे हैं और इस कारण इस स्पिनर को हावी होने का मौका मिल रहा है. इंडिया टीवी के साथ बातचीत के दौरान गांगुली ने कहा कि भारतीय बल्‍लेबाजों को लियोन के खिलाफ आक्रमण की नीति अपनानी चाहिए. उन्‍होंने कहा कि भारत के बल्‍लेबाजों ने लियोन के प्रति अत्‍यधिक सम्‍मान दिखाया और उनकी ऑफ स्‍टंप के बाहर की गेंदों को भी रक्षात्‍मक अंदाज में खेला.

सौरव (Sourav Ganguly) ने कहा, 'मैंने विराट कोहली को एक टेक्‍स्‍ट मैसेज भेजने के बारे में सोचा था हालांकि मैंने अभी इस भेजा नहीं है. मैं कोहली से कहना चाहता था कि उनकी बल्‍लेबाजों को एशिया के बाहर स्पिनरों को ज्‍यादा विकेट नहीं देना चाहिए.' हालांकि सौरव ने स्‍वीकार किया कि लियोन (Nathan Lyon) महान स्पिनर हैं लेकिन उन्‍होंने कहा कि शेन वॉर्न, मुथैया मुरलीधरन और ग्रीम स्‍वान भी तो बड़े स्पिन गेंदबाज थे. गांगुली के अनुसार, भारतीय बल्‍लेबाज लियोन की ऑफ स्‍टंप के बाहर की गेंदों को भी डिफेंड करके इस स्पिनर के प्रति जरूरत से ज्‍यादा सम्‍मान दिखा रहे हैं. उन्‍होंने कहा, 'मेरा मानना है कि बल्‍लेबाजों को उनके खिलाफ अधिक आक्रामक होना चाहिए. भारतीय बल्‍लेबाजों का ध्‍यान 300 या 350 रन से अधिक स्‍कोर बनाने पर ध्‍यान देना चाहिए.' लियोन ने अब तक के दोनों टेस्‍ट मैचों में 8-8 विकेट हासिल किए हैं. एडिलेड टेस्‍ट में उन्‍होंने बल्‍लेबाजी में भी अच्‍छा प्रदर्शन किया था.

वीडियो: पुजारा बोले, धोनी और विराट के बीच यह बात है कॉमन

लियोन (Nathan Lyon) अब तक 82 टेस्‍ट में 31.60 के औसत से 334 विकेट हासिल कर चुके हैं. भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच चार टेस्‍ट की सीरीज का तीसरा मैच 26 दिसंबर से मेलबर्न में खेला जाना है. चौथा टेस्‍ट 2 जनवरी 2019 से सिडनी में खेला जाएगा.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs Australia, Test Series, Nathan Lyon, Sourav Ganguly
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com