विज्ञापन

क्या बारिश में धुल जायेगा भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20? कुछ ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

भारत और अफगानिस्तान के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा जहां मौसम खेल कर सकता है.

क्या बारिश में धुल जायेगा भारत बनाम अफगानिस्तान पहला टी20? कुछ ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
भारत और अफगानिस्तान पहले टी20 में मौसम का हाल

भारत और अफगानिस्तान के बीच आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टी20 सीरीज का पहला मैच खेला जाना है, जिसमें भारत जीत के सिलसिले को बरकरार रखने उतरेगा, लेकिन मुकाबले के दौरान सभी की निगाहें राजधानी के मौसम पर रहेंगी. जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, संजू सैमसन और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी जिम्बाब्वे के खिलाफ 3-0 से जीती गई टी20 सीरीज में नहीं खेले थे, लेकिन अब वे टीम में वापसी कर चुके हैं.

बुमराह, नितीश रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को फिट घोषित कर दिया गया है. बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि हर्षित राणा रेक्टस फेमोरिस स्ट्रेन (जांघ की मांसपेशी में खिंचाव) के कारण बाहर हो गए हैं और उनकी जगह यश ठाकुर को टीम में शामिल किया गया है.

यह भारत में बतौर कप्तान श्रेयस अय्यर का पहला असाइनमेंट है. हालांकि, अफगानिस्तान आधिकारिक मेजबान है, लेकिन अय्यर यूके और जिम्बाब्वे में टीम की कप्तानी करने के बाद पहली बार भारतीय सरजमीं पर 'मेन इन ब्लू' की कमान संभालते नजर आएंगे. 

आयरलैंड से दो मुकाबलों की टी20 सीरीज 0-2 से और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 0-4 से गंवाने के बाद, भारत मजबूत प्रदर्शन करना चाहेगा. हालांकि, टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे में 3-0 से क्लीन स्वीप करके जबरदस्त वापसी की है. भारत और अफगानिस्तान के बीच साल 2010 से अब तक कुल 9 टी20 मैच खेले गए हैं, जिसमें 7 मैच टीम इंडिया ने जीते. इनके अलावा, 1 मुकाबला टाई रहा, जिसे भारत ने सुपर ओवर में अपने नाम किया, जबकि एक अन्य मैच बेनतीजा रहा.

रविवार को मैच के दौरान बारिश दखल दे सकती है. 'एक्यूवेदर' के अनुसार, इस दिन बारिश की 64 प्रतिशत आशंका है, जिससे मुकाबले के दौरान रुकावट आ सकती है. मैच शाम 7 बजे शुरू होना है. रविवार को सुबह की तुलना में दोपहर और शाम को बारिश का खतरा ज्यादा है.

दोपहर 12 बजे तक बारिश की आशंका 10 प्रतिशत या उससे कम है, लेकिन दोपहर 1 बजे के बाद यह लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. शाम 6 बजे बारिश की आशंका 40 प्रतिशत, जबकि 7 बजे यह घटकर 37 प्रतिशत रह सकती है. अगले दो घंटों में बारिश की आशंका थोड़ी बढ़कर 40 प्रतिशत तक पहुंच सकती है. रात 10 बजे 37 प्रतिशत और 11 बजे 34 प्रतिशत हो सकती है. 

भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर.

अफगानिस्तान की टीम: इब्राहिम जादरान (कप्तान), अब्दुल्ला अहमदजई, अजमतुल्लाह उमरजई, दरवेश रसूली, फजलहक फारूकी, गुलबदीन नायब, मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान, नांगेयालिया खरोटे, नवीन-उल-हक, नूर अहमद, नूर उल रहमान (विकेटकीपर), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), राशिद खान और सेदिकुल्लाह अटल.

(IANS इनपुट के साथ)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Afghanistan, Vaibhav Suryavanshi, India Vs Afghanistan 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com