विज्ञापन
This Article is From Nov 07, 2017

IND vs NZ T20: बारिश से प्रभावित मैच में 6 रन से जीती टीम इंडिया, सीरीज 2-1 से अपने नाम की

बारिश से प्रभावित तिरुवनंतपुरम टी20 मैच में क्रिकेटप्रेमियों को भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. रोमांचक उतार-चढ़ाव के बाद टीम इंडिया ने इस मैच को 6 रन से जीता.

IND vs NZ T20: बारिश से प्रभावित मैच में 6 रन से जीती टीम इंडिया, सीरीज 2-1 से अपने नाम की
बारिश से प्रभावित तीसरा टी20 मैच टीम इंडिया ने 6 रन से जीता (फाइल फोटो)
  • बारिश के कारण 8-8 ओवर का करना पड़ा मैच
  • टीम इंडिया ने आठ ओवर में 7 विकेट पर 67 रन बनाए
  • जवाब में 6 विकेट पर 61 रन ही बना पाई न्‍यूजीलैंड टीम
तिरुवनंतपुरम: बारिश से प्रभावित तिरुवनंतपुरम टी20 मैच में क्रिकेटप्रेमियों को भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. रोमांचक उतार-चढ़ाव के बाद टीम इंडिया ने इस मैच को 6 रन से जीता.  इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीन टी20 की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. मैच के दौरान काफी देर तक हुई बारिश के कारण काफी समय बेजा गया, इस कारण दोनों टीमों को 8-8 ओवर ही खेलने को मिले. न्‍यूजीलैंड के आमंत्रण पर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने आठ ओवर में पांच विकेट पर 67 रन बनाए. इस छोटे स्‍कोर का पीछा करने में ही न्‍यूजीलैंड को पसीना आ गया. टीम 8 ओवर में 6 विकेट पर 61 रन ही बना पाई. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक दो विकेट लिए. जसप्रीत बुमराह को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया.

स्‍कोरकार्ड यहां देखें आठ ओवर में 6 विकेट पर 61 रन ही बना पाई कीवी टीम
न्‍यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 68 रन बनाने का लक्ष्‍य था.भारत के लिए पहला ओवर भुवनेश्‍वर कुमार ने फेंका जिसमें उन्‍होंने आखिरी गेंद पर मार्टिन गुप्टिल (1रन, तीन गेंद) को बोल्‍ड कर दिया. अगले ओवर में जसप्रीत बुमराह ने पिछले मैच में शतक बनाने वाली कॉलिन मुनरो (7रन, 6 गेंद) को पेवेलियन लौटा दिया. मुनरो का कैच रोहित शर्मा ने लपका. तीसरे ओवर में युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी के लिए लाया गया, उनके ओवर में 5 रन बने. भुवनेश्‍वर ने पारी का चौथा ओवर किया, जिसमें 10 रन बने. पारी का पांचवां ओवर कुलदीप यादव ने फेंका जिसमें पहले केन विलियमसन (8) रन आउट हुए और उसके बाद ग्‍लेन फिलिप्‍स (11) को शिखर धवन ने कैच किया. हालांकि इस ओवर में ग्रैंडहोम ने छक्‍का भी लगाया. पारी का छठा ओवर, जो चहल ने फेंका, भारत के लिए बेहतरीन रहा. इसमें केवल तीन रन बने. पारी के सातवें ओवर में बुमराह ने कीवी टीम के हेनरी निकोलस (2) को श्रेयस अय्यर से कैच करा दिया. इस ओवर की पांचवीं गेंद पर टॉम ब्रूस (4) रन आउट हो गए. आखिरी ओवर में न्‍यूजीलैंड को जीत के लिए 19 रन की जरूरत थी. हार्दिक पंड्या की ओर से फेंके गए इस ओवर में कॉलिन डि ग्रैंडहोम ने छक्‍का भी लगाया लेकिन टीम 8 ओवर में छह विकेट पर 61 रन ही बना पाई. भारतीय टीम के लिए जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक दो विकेट लिए. कुलदीप यादव और भुवनेश्‍वर को एक-एक विकेट मिला. दो बल्‍लेबाज रन आउट हुए.

विकेट पतन: 8-1 (गुप्टिल, 0.6), 8-2 (मुनरो, 1.3), 28-3 (विलियमसन, 4.3), 28-4 (ग्‍लेन फिलिप्‍स, 4.4), 39-5 (निकोलस, 6.1), 49-6 (ब्रूस, 6.5)

भारतीय टीम ने बनाए थे पांच विकेट पर 67 रन
भारतीय पारी के दौरान न्‍यूजीलैंड की ओर से पहला ओवर ट्रेंट बोल्‍ट ने फेंका जिसमें धवन के चौके सहित 7 रन बने. मिचेल सेंटनर की ओर से फेंके गए दूसरे ओवर में रोहित शर्मा ने चौका जमाया. इस ओवर में भी सात रन बने. तीसरे ओवर में टिम साउदी अपनी टीम के लिए दो सफलता लेकर आए. उन्‍होंने दूसरी गेंद पर शिखर धवन (6रन, 6 गेंद, एक चौका) और अगली ही गेंद पर रोहित शर्मा (8रन, 9 गेंद, एक चौका) को आउट कर दिया. पारी के चौथे ओवर में स्पिनर ईश सोढ़ी ने विराट कोहली (13 रन, 6 गेंद, एक चौका, एक छक्‍का) को बोल्‍ट से कैच कराकर बड़ा झटका दिया. चार ओवर में टीम का स्‍कोर तीन विकेट पर 31 रन था. पारी का पांचवां ओवर टिम साउदी ने फेंका जिसमें 9 रन बने. पारी के छठे ओवर में ईश सोढ़ी को मनीष पांडे ने छक्‍का जमाया. भारतीय टीम का पांचवां विकेट मनीष पांडे (17रन, 11 गेंद, एक छक्‍का) के रूप में गिरा. हार्दिक पंड्या 14 (10 गेंद, एक छक्‍का) और एमएस धोनी बिना कोई रन बनाए नाबाद रहे. न्‍यूजीलैंड के टिम साउदी और ईश सोढ़ी ने दो-दो विकेट लिए. ट्रेंट बोल्‍ट को एक विकेट मिला.
 दोनों टीमें इस प्रकार थीं...
भारत: विराट कोहली (कप्‍तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पंड्या, एमएस धोनी, मनीष पांडे, भुवनेश्‍वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल.
न्‍यूजीलैंड: केन विलियमसन (कप्‍तान), मार्टिन गुप्टिल, कॉलिन मुनरो, टॉम ब्रूस, ग्‍लेन फिलिप्‍स, हेनरी निकोलस, कॉलिन डि ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, टिम साउदी, ईश सोढ़ी और ट्रेंट बोल्‍ट.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India Vs New Zealand, Live Cricket Score, IND Vs NZ
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com