विज्ञापन
This Article is From Jun 28, 2017

क्रिकेटर लसिथ मलिंगा पर लगा एक साल का प्रतिबंध, खेलमंत्री की तुलना बंदर से करना पड़ा भारी...

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की चैंपियंस ट्रॉफी में हार पर वहां के खेलमंत्री ने टीम की आलोचना की थी. यह बात स्लिंगी एक्शन वाले मशहूर तेज गेंदबाज लसित मलिंगा को हजम नहीं हुई और उन्होंने खेलमंत्री पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी.

क्रिकेटर लसिथ मलिंगा पर लगा एक साल का प्रतिबंध, खेलमंत्री की तुलना बंदर से करना पड़ा भारी...
लसिथ मलिंगा श्रीलंका के मुख्य तेज गेंदबाज हैं (फाइल फोटो)
  • श्रीलंका के खेलमंत्री ने अपनी टीम की कड़ी आलोचना की थी
  • आलोचना मलिंगा को बर्दाश्त नहीं हुई और उन्होंने विरोध जताया
  • विरोध करते समय मलिंगा ने खेलमंत्री की तुलना 'बंदर' से कर दी थी
कोलंबो: श्रीलंकाई क्रिकेट टीम की चैंपियंस ट्रॉफी में हार पर वहां के खेलमंत्री ने टीम की कड़ी आलोचना की थी. यह बात स्लिंगी एक्शन वाले मशहूर तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को हजम नहीं हुई और उन्होंने खेलमंत्री पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी. उनकी इस टिप्पणी को खेलमंत्री ने अपना अपमान माना. फिर क्या था श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने इसके लिए विशेष जांच पैनल बना दिया, जिसने मलिंगा को अनुबंध संबंधी उल्लंघन का दोषी माना और उन पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया. हालांकि यह प्रतिबंध छह माह तक निलंबित रहेगा, लेकिन जुर्माना उन्हें अगले ही वनडे से देना होगा.

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने विशेष जांच पैनल की रिपोर्ट के आधार पर अनुशासन संबंधी अनुबंध के उल्लंघन को लेकर मलिंगा पर एक साल का प्रतिबंध और अगले वनडे मैच की फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. प्रतिबंध छह माह तक निलंबित रहेगा और यदि मलिंगा इस अवधि मे फिर से इसका उल्लंघन करते पाए गए, तो यह लागू हो जाएगा. बोर्ड ने मलिंगा के खिलाफ जांच के लिए तीन सदस्यीय पैनल गठित किया था, जिसमें एसएलसी सचिव मोहन डिसिल्वा और सीईओ एश्ले डिसिल्वा भी शामिल थे. मलिंगा इस समिति के सामने पेश हुए और उन्होंने अपनी गलती मान ली.

हालांकि बोर्ड के इस फैसले का जिम्बाब्वे सीरीज में मलिंगा की उपस्थिति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. उन्हें पहले दो वनडे मैचों के लिए 13 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है.

मलिंगा ने खेलमंत्री के बारे में यह कहा था...
उल्लेखनीय है कि कमेटी ने जांच में पाया कि मलिंगा ने 19 जून और उसके बाद 21 जून को दो बार करार के नियम का उल्लंघन किया, जिसके चलते बोर्ड को उनके खिलाफ जांच बिठानी पड़ी.  मीडिया में आई रिपोर्टों के अनुसार, खेलमंत्री जयशेखरा ने चैंपियंस ट्रॉफी में श्रीलंका टीम के प्रदर्शन पर कठोर टिप्पणी की थी, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए 33 वर्षीय मलिंगा ने कहा था कि उन्हें ऐसे लोगों की आलोचनाओं से कोई फर्क नहीं पड़ता जो केवल बैठकर अपनी कुर्सियां गर्म कर रहे हैं.

उन्‍होंने कहा था, 'एक बंदर को तोते के घोंसले के बारे में क्या पता होगा? ऐसा लग रहा है कि एक बंदर तोते के घोंसले में ही बैठकर उसी घोंसले के बारे में बोल रहा हो."

गौरतलब है कि श्रीलंका के चैंपियंस ट्रॉफी से जल्दी बाहर होने के बाद जयशेखरा ने खिलाड़ियों के फिटनेस स्तर पर सवाल उठाए थे और कहा था कि भविष्य का चयन क्रिकेटरों की फिटनेस पर निर्भर करेगा. गौरतलब है कि श्रीलंका का क्षेत्ररक्षण अच्छा नहीं रहा था और उसके खिलाड़ियों ने कई कैच टपकाये थे. इसके बाद मलिंगा ने खेलमंत्री के क्रिकेट ज्ञान का खुलेआम मजाक उड़ाया था और कहा था कि कैच तो किसी भी मैच में छूट सकते हैं.
(इनपुट एजेंसियों से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lasith Malinga, Sri Lanka Cricket Board, Cricket News In Hindi, Sri Lanka Sports Minister, Sri Lanka Cricket, Lasith Mailnga Banned
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com