वकील के तौर पर काम करने के बाद लोग लाखों रुपये की कमाई करते हैं, लेकिन अगर आपको ये बताएं कि एक शख्स ने ये प्रोफेशन छोड़कर कुत्ता टहलाने का काम शुरू कर दिया तो आपका रिएक्शन क्या होगा? जाहिर सी बात है कि आप उस शख्स की बेवकूफी पर हंस रहे होंगे, लेकिन उसकी रोजाना की कमाई जानकर शायद आपकी सोच बदल जाए. यूनाइटेड किंगडम में रहने वाले हेनरी एटनबोरो की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. उन्होंने कॉर्पोरेट लॉ फर्म की अच्छी सैलरी वाली नौकरी छोड़कर फुल टाइम डॉग वॉकर की नौकरी शुरू की और अब रोजाना इस काम से £450 यानी 50 हजार रुपये की कमाई कर रहे हैं.
क्यों छोड़ दी लॉ फर्म की नौकरी?
लंदन की एक बड़ी लॉ फर्म में काम करने के बावजूद एटनबोरो वर्क लाइफ बैलेंस नहीं बना पा रहे थे. उन्हें रोजाना 12 से 14 घंटे की शिफ्ट करनी पड़ती थी और ज्यादातर वक्त कंप्यूटर स्क्रीन पर बैठे रहते थे. उन्होंने बताया कि इस रूटीन को लेकर वो काफी परेशान चल रहे थे और थक चुके थे. फिर उन्हें ये अहसास हुआ कि अच्छी सैलरी के बावजूद वो अपनी लाइफ में खुश नहीं हैं.
जानवरों से था लगाव
हेनरी को पहले से ही जानवरों से काफी ज्यादा लगाव था और उनके साथ खेलना या घूमना पसंद था. यही वजह है कि कोविड के बाद जब उन्होंने दूसरे करियर के बारे में सोचा तो डॉग वॉकर के तौर पर नौकरी करने का फैसला लिया. साल 2022 में उन्होंने अपनी लॉ फर्म से इस्तीफा दिया और 'हेनरी एंड डॉग्स' नाम से अपनी डॉग-वॉकिंग और पेट-केयर सर्विस शुरू की.
रोज कमाते हैं 50 हजार रुपये
जब उन्होंने अपने दोस्तों और जानकारों को ये बताया कि वो अपनी नौकरी छोड़कर डॉग वॉकर का काम करना चाहते हैं तो उन्हें खूब सुनाया गया और यहां तक कि कुछ लोगों ने उन्हें बेवकूफ बता दिया. हालांकि हेनरी ने किसी की नहीं सुनी और अपना काम शुरू कर दिया. आज हेनरी रोजाना 20 से 25 कुत्तों को टहलाने का काम करते हैं. साथ ही उनकी देखभाल भी करते हैं. इसके लिए वो हर घंटे £20 से £25 (करीब 2 हजार से 2500 रुपये) तक चार्ज करते हैं. ऐसे में उनकी रोजाना की कमाई 50 हजार रुपये तक हो जाती है.
ये भी पढ़ें - डिजनी के CTO बने भारतीय दिग्गज करणदीप आनंद, जानिए कौन हैं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं