पंजाब की राजनीति में शुक्रवार को उस समय एक अहम घटनाक्रम देखने को मिला, जब राज्य के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग (DIPR) के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर प्रभदीप सिंह नत्थोवाल ने औपचारिक रूप से अपनी सियासी पारी का आगाज कर दिया. उन्होंने अपने पैतृक गांव नत्थोवाल में आयोजित एक विशाल जनसभा के दौरान शिरोमणि अकाली दल (शिअद) का दामन थाम लिया. पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने स्वयं नत्थोवाल को पार्टी में शामिल करवाया और मंच से ही उन्हें पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए राएकोट (आरक्षित) सीट से पार्टी का आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया.
सुखबीर बादल ने बताया ईमानदार और नेक छवि का नेता
जनसभा को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि वे लंबे समय से प्रभदीप सिंह नत्थोवाल को शिरोमणि अकाली दल में शामिल करने के लिए प्रयासरत थे. उन्होंने नत्थोवाल की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि वे एक बेहद नेक, काबिल और ईमानदार व्यक्तित्व के धनी हैं, जिनका प्रशासनिक अनुभव क्षेत्र के विकास में बेहद काम आएगा. बादल ने विश्वास जताया कि राएकोट की जनता नत्थोवाल को भारी समर्थन देगी.

राज्य के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग (DIPR) के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर प्रभदीप सिंह नत्थोवाल ने औपचारिक रूप से अपनी सियासी पारी का आगाज कर दिया
सियासी पारी पर क्या बोले नत्थोवाल?
रोमणि अकाली दल शामिल होने के बाद प्रभदीप सिंह नत्थोवाल ने कहा कि वे काफी समय से शिरोमणि अकाली दल के साथ जुड़कर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत करना चाहते थे. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उस समय परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं. अब समय से पहले सेवानिवृत्ति लेकर वे पूरी तरह से जनसेवा और अपने हलके के लोगों की भलाई के लिए समर्पित रहेंगे.

प्रशासनिक सेवा से राजनीति तक का सफर
लुधियाना जिले के राएकोट हलके के ऐतिहासिक गांव नत्थोवाल, जिसे 'फौजियों का गांव' भी कहा जाता है, से ताल्लुक रखने वाले प्रभदीप सिंह नत्थोवाल ने पंजाब सरकार के सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दी हैं. वे लुधियाना, मोगा और संगरूर जैसे प्रमुख जिलों में जिला लोक संपर्क अधिकारी (DPRO) के पद पर तैनात रहे और बाद में पदोन्नत होकर डिप्टी डायरेक्टर बने. अक्टूबर 2026 में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से ही उनके सक्रिय राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई थीं.
यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई गृहप्रवेश: भावुक हुए पति भव्य बिश्नोई, VIDEO में बेटी वेदा संग दिखा पूरा परिवार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं