मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की तरफ से एमपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया गया है. इसमें बताया गया है कि परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी. इस पात्रता परीक्षा में प्रदेश भर के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में काम कर रहे करीब 34 हजार शिक्षक शामिल होंगे. अभ्यर्थी 15 दिसंबर से अपने एडमिट कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं. शिक्षा मंडल ने इस परीक्षा के पैटर्न और नंबरों की भी पूरी जानकारी साझा की है. हालांकि इस नोटिफिकेशन के साथ ही शिक्षकों का विरोध भी शुरू हो चुका है, अब वो इस मामले को लेकर कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं.
क्यों हो रहा TET का विरोध?
मध्य प्रदेश के तमाम स्कूलों में नौकरी करने वाले शिक्षकों का कहना है कि उनसे इतने साल की सेवा के बाद योग्यता प्रमाण मांगा जा रहा है, वो टीईटी देकर खुद की काबलियत का सबूत क्यों दें? पिछले लंबे वक्त से वो इसका विरोध करते आए हैं, वहीं अब स्पेशल टीईटी का शेड्यूल जारी होने के बाद एक बार फिर मुद्दा बढ़ गया है. शिक्षक संघ ने कोर्ट जाने की धमकी दी है औऱ कहा है कि वो दिल्ली में सामूहिक प्रदर्शन की रणनीति बना रहे हैं. इसके अलावा शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा नहीं देने का भी ऐलान किया है.
पूरे मध्य प्रदेश में करीब डेढ़ से दो लाख शिक्षकों को अपनी योग्यता साबित करने के लिए टीईटी परीक्षा देनी है, लेकिन महज 34 हजार शिक्षकों ने ही टीईटी का फॉर्म भरा है. इससे विरोध का अंदाजा लगाया जा सकता है. ज्यादातर शिक्षक पहले ही टीईटी का बहिष्कार कर चुके हैं. हालांकि जिन शिक्षकों की नौकरी के पांच साल बाकी हैं, उन्हें इससे राहत दी गई है.
सुप्रीम कोर्ट का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश जारी किया है कि स्कूलों में पढ़ा रहे उन टीचर्स को टीईटी पास करना जरूरी है, जिन्होंने अब तक ये परीक्षा क्वालिफाई नहीं की है. ऐसे में तमाम राज्य सरकारों को शिक्षकोंं के लिए टीईटी कराने का निर्देश भी दिया गया था. ऐसे में यूपी के बाद अब एमपी में शिक्षकों के लिए अलग से टीईटी परीक्षा आयोजित की जा रही है.
क्या है परीक्षा पैटर्न?
मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की तरफ से बताया गया है कि टीईटी परीक्षा में कुल 150 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें हर सवाल के लिए एक नंबर होगा. यानी 150 नंबर का ही पूरा पेपर होना है. सभी प्रश्नों के चार विकल्प दिए जाएंगे, जिनमें से एक पर टिक करना होगा.
यह भी पढ़ें | UPSC की तैयारी में सबसे बड़ी गलती क्या करते हैं एस्पिरेंट्स? मेन्स क्रैक करने वाले PCS अफसर ने दिया जवाब
यह भी पढ़ें | छठ के बाद बिहार में नौकरियों की बहार, इन 9 जिलों में लगेंगे रोजगार मेले
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं