शेयर मार्केट में आज दर्ज हो रही है अच्छी तेजी.
मुंबई: कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को शेयर मार्केट में तेज उछाल दर्ज किया गया है. गुरुवार की क्लोजिंग में उसके पिछले दो दिनों की गिरावट पर ब्रेक लगा था. इसके बाद शुक्रवार को बाजार वो बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहे हैं. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 1 फीसदी तक तेजी दर्ज हुई थी. इंडेक्स 500 अंकों से ज्यादा ऊपर चढ़ा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 16,700 से ऊपर चल रहा था. सुबह 10.03 पर सेंसेक्स 561.52 अंकों या 1.01% की तेजी के साथ 56,379.63 के स्तर पर था. वहीं, निफ्टी 140.95 अंकों या 0.85% की बढ़त लेकर 16,768.95 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था.
रिलायंस के शेयरों में कल जबरदस्त तेजी आई थी, जिसके बाद बाजार संभला था. आज भी रिलायंस में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज हो रही है. सुबह 10.30 बजे के आसपास ग्रुप के शेयर 3.12% या 84.95 अंकों की तेजी के साथ 2,809.25 रुपये प्रति शेयर पर ट्रेड कर रहे थे.
ओपनिंग में बीएसई पर 20 स्टॉक हरे निशान में खुले थे, वहीं बाकी 10 शेयर लाल निशान में थे. रिलायंस, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और विप्रो सबसे ज्यादा तेजी पर थे. वहीं, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, नेस्ले इंडिया, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एशियन पेंट्स गिरावट में थे.
अगर पिछली क्लोजिंग की बात करें तो गुरुवार को शेयर बाजारों में पिछले दो दिन से जारी गिरावट पर विराम लगा. मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज में जोरदार लिवाली और कच्चे तेल के दाम में नरमी से बाजार बढ़त में रहा. कारोबारियों के अनुसार हालांकि रुपये की विनिमय दर में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने से लाभ पर अंकुश लगा.
एशियाई बाजारों ने भी आज तेजी दिखाई. सोल और टोक्यो के इंडेक्स हरे निशान में ट्रेड कर रहे थे. पिछले सेशन में यूएस स्टॉक्स बढ़िया तेजी लेकर बंद हुए थे.
वहीं, अंतरराष्ट्रीय कच्चा तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड में 0.09 फीसदी की गिरावट आई थी और इसकी कीमत 117.42 रुपये दर्ज हो रही थी.
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स की शुरूआत हल्की रही. लेकिन बाद में इसमें तेजी आयी और अंत में 436.94 अंक यानी 0.79 प्रतिशत उछलकर 55,818.11 अंक पर बंद हुआ. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 105.25 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 16,628 अंक पर बंद हुआ था.