- आरोप है कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने हनीट्रैप के तहत न्यूड तस्वीरें भेजीं,
- आरोपी ने ड्रोन यूनिट, लड़ाकू विमानों की तैनाती और सैन्य अभ्यास की जानकारी भी दुश्मन देश को लीक की
- जांच में मालवेयर और स्पाईवेयर के जरिए साइबर जासूसी की कोशिश पाई गई, डिजिटल सबूतों की जांच जारी है
दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए हैं. जांच एजेंसी का दावा है कि अधिकारी ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े एक संदिग्ध ऑपरेटिव के साथ देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां साझा कीं. आरोप है कि लीक की गई जानकारी में भारतीय वायुसेना की युद्ध तैयारी, सैन्य रणनीति और महत्वपूर्ण ठिकानों से जुड़े विवरण शामिल थे.
सीक्रेट वॉर प्लान तक पहुंचाने का आरोप
चार्जशीट के अनुसार आरोपी अधिकारी ने भारतीय वायुसेना के एक गोपनीय वॉर प्लान से जुड़ी जानकारी पाकिस्तानी ऑपरेटिव तक पहुंचाई. पुलिस का दावा है कि उसने युद्धकालीन रणनीति, सैन्य तैयारियों और ऑपरेशन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा कीं. जांच एजेंसी का मानना है कि ऐसी जानकारियां दुश्मन देश के लिए बेहद अहम साबित हो सकती हैं.
मामले में सबसे चौंकाने वाला आरोप हनीट्रैप से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने आरोपी को न्यूड तस्वीरें भेजीं. इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर गोपनीय दस्तावेज साझा किए. चार्जशीट में दावा किया गया है कि दोनों के बीच इस तरह के कई संदेशों का आदान-प्रदान हुआ और इसके बदले संवेदनशील जानकारी साझा की गई.
ड्रोन यूनिट और सैन्य क्षमता की जानकारी भी लीक
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने भारतीय वायुसेना की एक गोपनीय ड्रोन यूनिट के बारे में जानकारी साझा की थी. इसमें यूनिट की संख्या, उसकी संरचना, काम करने का तरीका, ऑपरेशनल क्षमता और ड्रोन की तकनीकी विशेषताओं से जुड़े विवरण शामिल बताए गए हैं. आरोप है कि युद्ध जैसी स्थिति में इनकी तैनाती कहां हो सकती है, इसकी जानकारी भी साझा की गई.
लड़ाकू विमानों और सैन्य अभ्यास का जिक्र
पुलिस के अनुसार आरोपी ने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती से जुड़ी जानकारियां भी दीं. इसके अलावा राजस्थान के सूरतगढ़ स्थित महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में होने वाले एक सैन्य अभ्यास की जानकारी भी पाकिस्तानी ऑपरेटिव तक पहुंचाने का आरोप लगाया गया है. जांच एजेंसी का कहना है कि इससे सैन्य रणनीतियों का अंदाजा लगाया जा सकता था.
मालवेयर के जरिए साइबर जासूसी की आशंका
चार्जशीट में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी ऑपरेटिव ने कुछ संदिग्ध ऐप और लिंक भेजे थे जिनमें मालवेयर और स्पाईवेयर मौजूद थे. आरोप है कि आरोपी ने अपने अधीन काम कर रहे पांच अधिकारियों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में भी ऐसे सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाए. इससे गोपनीय डेटा और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होने वाले संवाद तक पहुंच बनाने की कोशिश की गई.
डिजिटल सबूतों की जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने अदालत में डिजिटल रिकॉर्ड भी पेश किया है. जांच में दोनों के बीच 3,008 चैट मैसेज, 65 तस्वीरें, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 यूआरएल के आदान-प्रदान का विवरण सामने आया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितनी संवेदनशील जानकारी साझा हुई और क्या इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था.
यह भी पढ़ें | भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बना छोटे से गांव का लड़का सुरेंद्र चौधरी, UPSC CDS में रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं