शेयर बाजारों में आज सुधार, सेंसेक्स-निफ्टी बढ़त पर. (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई: बुधवार को पॉलिसी रेट में बढ़ोतरी के बाद घरेलू शेयर बाजारों ने जोरदार गोता लगाया था, लेकिन गुरुवार को बाजार संभले नजर आए. बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 650.9 अंक चढ़कर 56, 319.93 पर पहुंचा. वहीं, निफ्टी 185.65 अंक की बढ़त के साथ 16,863.25 पर आ गया था. सुबह 10 बजे तक ही बाजार अपने इंट्रा डे हाई पर पहुंच गया था. बुधवार को अमेरिकी बाजारों में उल्लेखनीय तेजी आने और इंफोसिस, टाटा स्टील और भारतीय स्टेट बैंक जैसे बड़े शेयरों में लाभ दर्ज होना का असर बाजार में दिखा.
सुबह 10.41 पर सेंसेक्स में 754.40 अंकों या 1.36% की तेजी दर्ज हो रही थी और इंडेक्स 56,423.43 के स्तर पर पहुंच गया था. इस दौरान निफ्टी भी 224.45 अंकों या 1.35% की तेजी लेकर 16,902.05 अंकों के स्तर पर था.
सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, इंफोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और एम ऐंड एम बढ़त वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे. दूसरी ओर, नेस्ले और टाइटन लाल निशान में थे.
शुरुआती कारोबार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 22 पैसे चढ़कर 76.18 पर पहुंचा था. इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 110.67 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को शुद्ध आधार पर 3,288.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.
बता दें कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के रेपो दर में वृद्धि के फैसले के बाद बुधवार को घरेलू शेयर बाजार औंधे मुंह लुढ़क गए थे. मुख्य रूप से मुद्रास्फीति को काबू में लाने के लिये केंद्रीय बैंक ने रेपो दर 0.40 प्रतिशत बढ़ाकर 4.40 प्रतिशत करने का निर्णय किया है. इसके बाद बीएसई सेंसेक्स 1,306.96 यानी 2.29 प्रतिशत लुढ़क कर 55,669.03 अंक पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी भी 391.50 अंक यानी 2.29 प्रतिशत टूटकर 16,677.60 अंक पर बंद हुआ था.