यह ख़बर 16 मई, 2014 को प्रकाशित हुई थी

नीता अंबानी रिलायंस इंडस्ट्रीज के निदेशक मंडल में शामिल होंगी

फाइल फोटो

मुंबई:

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी को कंपनी के निदेशक मंडल में बतौर निदेशक नियुक्त करने की सिफारिश की गई है। 50 वर्षीय नीता निदेशक मंडल में मुकेश के चाचा रमणिक एच अंबानी की जगह लेंगी जो 60 वर्ष की आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा, 'आरआईएल के निदेशक मंडल ने रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी को कंपनी के बोर्ड में निदेशक के तौर पर नियुक्त करने की सिफारिश की है।'

कंपनी नीता अंबानी की नियुक्ति के लिए 18 जून को होने वाली वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी लेगी। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाले आरआईएल बोर्ड में निखिल मेसवानी और हीतल आर मेसवानी के अलावा रमणिकलाल एच अंबानी सदस्य हैं।

रमणिकलाल, धीरूभाई एच अंबानी के छोटे भाई हैं। कंपनी के निदेशक मंडल में अंबानी परिवार से बाहर के सदस्यों में केवल पीएमएस प्रसाद और पीके कपिल कार्यकारी निदेशक हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

कंपनी ने कहा कि नीता अंबानी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण बदलाव, पर्यावरण संरक्षण एवं खेलों के क्षेत्र में पहल कर सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान किया है।