यह ख़बर 08 जून, 2014 को प्रकाशित हुई थी

दुनियाभर में ब्राजील और भारत की ही चर्चा है : सिटीग्रुप

नई दिल्ली:

वैश्विक निवेशकों का मानना है कि दुनिया में इस समय ब्राजील और भारत की ही चर्चा हो रही है। सिटीग्रुप की अनुसंधान रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में निवेश धीरे धीरे जोर पकड़ने की संभावना है जिससे 2015-16 में वृद्धि दर 6.5 प्रतिशत पहुंच जाएगी।

रिपोर्ट के मुताबिक, 'भारत के नए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कद काफी ऊंचा है। उन्हें जबरदस्त जनादेश मिला है और उनकी तुलना दुनिया के सबसे सफल नेताओं से की जा रही है। वहीं शेयर बाजार इसका जश्न मना रहा है।' सिटीग्रुप ने कहा कि 2014 के फुटबॉल विश्वकप की मेजबानी कर रहे ब्राजील के शहर रियो और भारत इस समय विश्वभर में चर्चा के केंद्र में हैं।

वित्तीय सेवा प्रदाता ने भारत के बारे में कहा कि सेंसेक्स और निफ्टी गत शुक्रवार को नई ऊंचाइयों पर पहुंच गए और प्राकृतिक गैस की कीमतें बढ़ाए जाने की उम्मीद हैं विदेशी निवेशकों से नया निवेश भारत आ रहा है। हालांकि, अल-नीनो, उच्च मुद्रास्फीति आदि को लेकर जोखिम बना हुआ है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

आगे चलकर जुलाई में पेश होने जा रहा बजट सरकार के आगे की दिशा का संकेत देगा। 'जहां नई सरकार से धारणा में अहम बदलाव आ चुका है, हमें पूरी तरह से सुधार 2016-17 में ही देखने को मिलेगा।'