अगर आप म्यूचुअल फंड में निवेश करते हैं तो सिर्फ यह देखना काफी नहीं है कि आपके फंड ने कितना रिटर्न दिया है. आपको यह भी जानना चाहिए कि निवेश के बदले फंड हाउस आपसे कितना चार्ज वसूल रहा है. इस चार्ज को म्यूचुअल फंड एक्सपेंस रेश्यो (Expense Ratio) कहते हैं. यह आपके निवेश की लागत को बढ़ाता है और लंबे समय में मिलने वाले मुनाफे पर असर डाल सकता है. ऐसे में निवेश से पहले एक्सपेंस रेश्यो को समझना जरूरी है.
क्या है म्यूचुअल फंड एक्सपेंस रेश्यो?
म्यूचुअल फंड में निवेश करने के लिए आपको फंड हाउस को कुछ खर्च देना पड़ता है. फंड हाउस इस पैसे का इस्तेमाल फंड को मैनेज करने, फंड मैनेजर की फीस,एडमिनिस्ट्रेटिव कामकाज, मार्केटिंग और दूसरी जरूरी सर्विसेज पर करता है. इन सभी खर्चों के कुल अनुपात को एक्सपेंस रेश्यो कहा जाता है. इसे आमतौर पर सालाना प्रतिशत के रूप में बताया जाता है. उदाहरण के लिए, अगर किसी म्यूचुअल फंड का एक्सपेंस रेश्यो 1 फीसदी है तो इसका मतलब है कि आप हर साल अपने निवेश की रकम का 1 फीसदी खर्च के तौर पर दे रहे हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि एक्सपेंस रेश्यो आपको अलग से नहीं चुकाना पड़ता. फंड हाउस इसे फंड की एसेट अंडर मैनजमेंट (AUM) से काटता है. इसका असर फंड की नेट एसेट वैल्यू (NAV) और आपके निवेश पर मिलने वाले रिटर्न में दिखाई देता है.
यह भी पढ़ें | निवेश की दुनिया में SIF की धूम, एक साल में 21 गुना बढ़ा कारोबार, जानिए कौन लगा सकता है पैसा?
एक्सपेंस रेश्यो का गणित समझिए
मान लीजिए आपने किसी म्यूचुअल फंड में 1 लाख रुपये निवेश किए हैं. इस फंड का सालाना एक्सपेंस रेश्यो 1 फीसदी है. ऐसे में आपको सालाना करीब 1,000 रुपये खर्च के तौर पर देने होंगे. वहीं, अगर किसी दूसरे फंड का एक्सपेंस रेश्यो 0.5 फीसदी है तो इसी 1 लाख रुपये के निवेश पर सालाना खर्च करीब 500 रुपये होगा यानी दोनों फंड के एक्सपेंस रेश्यो में 0.5 फीसदी का अंतर है. इससे आपके निवेश की लागत में सालाना 500 रुपये का अंतर आ सकता है. हालांकि, यह एक सामान्य उदाहरण है. वास्तविक खर्च निवेश की रकम, फंड की नेट एसेट वैल्यू और समय के साथ बदल सकता है.
कम एक्सपेंस रेश्यो वला फंड ही बेहतर है?
जरूरी नहीं कि जिस म्यूचुअल फंड का एक्सपेंस रेश्यो सबसे कम हो, वही सबसे अच्छा भी हो. निवेश से पहले फंड का पिछला प्रदर्शन, निवेश की रणनीति, रिस्क और फंड मैनेजर का ट्रैक रिकॉर्ड भी देखना चाहिए. एक्सपेंस रेश्यो का असर लंबे समय में ज्यादा अहम हो जाता है. खासकर तब, जब आप कई साल तक निवेश बनाए रखते हैं. इसलिए म्यूचुअल फंड चुनते समय सिर्फ रिटर्न के आंकड़ों पर ध्यान न दें, बल्कि यह भी देखें कि उस रिटर्न को हासिल करने के लिए आप कितनी फीस चुका रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं