विज्ञापन

बच्चा पैदा होते ही शुरू करें ये 3 निवेश, हर महीने ₹15,000 बचाएं, 25 साल बाद मिलेगा ₹4.3 करोड़ का मोटा फंड!

बच्चे के जन्म के साथ ही माता-पिता हर महीने 15,000 रुपये बचाकर पीपीएएफ, स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड और सोने में निवेश कर सकते हैं. अनुमान के मुताबिक, नियमित निवेश और स्टेप-अप के जरिए 25 साल में करीब 4.35 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है.

बच्चा पैदा होते ही शुरू करें ये 3 निवेश, हर महीने ₹15,000 बचाएं, 25 साल बाद मिलेगा ₹4.3 करोड़ का मोटा फंड!
बच्चे की पढ़ाई से शादी तक की चिंता होगी दूर, आज से शुरू करें ये 3 निवेश
नई दिल्ली:

बच्चे का जन्म परिवार में खुशियां लेकर आता है, लेकिन इसके साथ ही आर्थिक जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं. डायपर, टीकाकरण, डॉक्टर की फीस और दूसरी जरूरतों पर खर्च शुरू हो जाता है. इसके अलावा बच्चे की पढ़ाई, हायर एजुकेशन और शादी जैसे बड़े खर्चों के लिए भी पहले से तैयारी करनी पड़ती है. ऐसे में अगर माता-पिता बच्चे के जन्म के साथ ही निवेश शुरू कर दें तो भविष्य की आर्थिक जरूरतों के लिए बड़ा फंड तैयार किया जा सकता है. इसकी सबसे बड़ी वजह है कंपाउंडिंग की ताकत. निवेश को जितना ज्यादा समय मिलता है, पैसा बढ़ने की संभावना उतनी ही बेहतर होती है.

इसके लिए आपको एकमुश्त बड़ी रकम लगाने की जरूरत नहीं है. अगर आप हर महीने 15,000 रुपये निवेश कर सकते हैं तो तीन अलग-अलग ऑप्शन के जरिए बच्चे के भविष्य के लिए अच्छा-खासा फंड बना सकते हैं.

1. पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF)

अगर आप अपने निवेश का एक हिस्सा सुरक्षित रखना चाहते हैं तो पब्लिक प्रोविडेंट फंड यानी PPF पर विचार कर सकते हैं. यह सरकार की छोटी बचत योजना है। इसमें मिलने वाला ब्याज और मैच्योरिटी की रकम टैक्स फ्री होती है. इसमें हर महीने 5,000 रुपये निवेश करें तो मौजूदा 7.1 फीसदी सालाना ब्याज दर के आधार पर 25 साल में यह निवेश करीब 41.23 लाख रुपये का फंड बना सकता है. 

PPF निवेश का गणित-

  • हर महीने निवेश: 5,000 रुपये
  • सालाना निवेश: 60,000 रुपये
  • निवेश की अवधि: 25 साल
  • अनुमानित ब्याज दर: 7.1 फीसदी सालाना
  • कुल निवेश: 15 लाख रुपये
  • अनुमानित ब्याज: 26.23 लाख रुपये
  • कुल फंड: 41.23 लाख रुपये

ध्यान रहे कि PPF की मूल मैच्योरिटी पीरियड 15 साल है. 25 साल तक निवेश जारी रखने के लिए इसे तय नियमों के तहत बढ़ाना होगा. ब्याज दर भी समय-समय पर सरकार बदल सकती है.

2. स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड

अगर आप लॉन्ग टर्म के लिए निवेश कर रहे हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव का रिस्क उठा सकते हैं तो स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड पर विचार कर सकते हैं. ये फंड छोटी कंपनियों में निवेश करते हैं. इनमें लॉन्ग टर्म में बेहतर रिटर्न देने की संभावना होती है, लेकिन रिस्क काफी ज्यादा रहता है. इस ऑप्शन में हर महीने 6,000 रुपये से शुरुआत करने का सुझाव है. इसके साथ हर साल निवेश की रकम में 10 फीसदी की बढ़ोतरी यानी स्टेप-अप करने पर जोर दिया गया है. अगर 25 साल तक औसतन 14 फीसदी सालाना रिटर्न मिलता है तो करीब 3.40 करोड़ रुपये का फंड बन सकता है.

स्मॉल कैप फंड का निवेश गणित-

  • शुरुआती मासिक निवेश: 6,000 रुपये
  • हर साल निवेश में बढ़ोतरी: 10 फीसदी
  • निवेश की अवधि: 25 साल
  • अनुमानित सालाना रिटर्न: 14 फीसदी
  • कुल निवेश: 70.80 लाख रुपये
  • अनुमानित रिटर्न: 2.69 करोड़ रुपये
  • कुल फंड: 3.40 करोड़ रुपये

ध्यान देने वाली बात है कि म्यूचुअल फंड का रिटर्न बाजार पर निर्भर करता है. 14 फीसदी रिटर्न की कोई गारंटी नहीं है.

3. सोने में निवेश: शादी और दूसरे बड़े खर्चों के लिए तैयारी

भारतीय परिवारों में सोने का खास महत्व है. खासकर शादी-ब्याह और दूसरे पारिवारिक आयोजनों में सोने की जरूरत पड़ती है. ऐसे में बच्चे के जन्म के साथ ही सोने में निवेश शुरू करना भविष्य की जरूरतों के लिहाज से एक विकल्प हो सकता है. इसके लिए हर महीने 4,000 रुपये निवेश करने का सुझाव दिया गया है. अगर 25 साल तक औसतन 10 फीसदी सालाना रिटर्न मिलता है तो करीब 53.51 लाख रुपये का फंड तैयार हो सकता है.

सोने में निवेश का गणित-

  • हर महीने निवेश: 4,000 रुपये
  • निवेश की अवधि: 25 साल
  • अनुमानित सालाना रिटर्न: 10 फीसदी
  • कुल निवेश: 12 लाख रुपये
  • अनुमानित रिटर्न: 41.51 लाख रुपये
  • कुल फंड: 53.51 लाख रुपये

सोने में निवेश के लिए गोल्ड ETF और गोल्ड म्यूचुअल फंड जैसे विकल्प भी देखे जा सकते हैं. हालांकि, सोने की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव होता है और 10 फीसदी रिटर्न की गारंटी नहीं है.

25 साल में कितना बड़ा फंड तैयार हो सकता है?

इन तीनों विकल्पों में निवेश का कुल शुरुआती बजट 15,000 रुपये प्रति महीने है. दिए गए अनुमानों के मुताबिक, 25 साल में करीब 4.35 करोड़ रुपये का फंड तैयार हो सकता है. इसमें PPF, स्मॉल कैप म्यूचुअल फंड और सोने में निवेश शामिल है. सबसे अहम बात यह है कि स्मॉल कैप फंड में हर साल 10 फीसदी निवेश बढ़ाने का अनुमान लगाया गया है यानी जैसे-जैसे आपकी आमदनी बढ़ेगी, निवेश की रकम भी बढ़ानी होगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Personal Finance, PPF, Mutual Fund, Gold
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com